कमलनाथ ने छिंदवाड़ा विधानसभा सीट के लिए भरा नामांकन, नकुलनाथ ने कहा ‘सिर्फ विधायक नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री मिलेंगे’

Kamal Nath filed nomination

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उन्होने विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अपना नामांकन भरा। इसके बाद उन्होने कहा कि उन्हें छिंदवाड़ा और मध्यप्रदेश की जनता पर पूरा भरोसा है कि वे प्रदेश के लिए एक सुरक्षित और खुशहाल भविष्य चुनेंगे। वहीं उनके बेटे नकुलनाथ ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार छिंदवाड़ा विधानसभा को सिर्फ विधायक नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री मिलेंगे।

कमलनाथ ने भरा नामांकन

कमलनाथ ने नामांकन भरने के बाद कांग्रेस की जीत का भरोसा जताया। वे अपने राजनीतिक करियर में दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले 2019 में जब कांग्रेस मध्य प्रदेश में 15 साल का वनवास काटकर लौटी तो उन्होने छिंदवाड़ा से ही उपचुनाव लड़ा था। उन्हें कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बनाया था और इस बार भी वही कांग्रेस की तरफ से सीएम फेस हैं। कमलनाथ की गिनती कांग्रेस के ऐसे दिग्गज नेताओं में होती है जो संकट के समय हमेशा पार्टी के साथ रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी उन्हें अपना ‘तीसरा बेटा’ कहती थीं। ये बाद उन्होने खुद छिंदवाड़ा में उस समय कही थी जब कमलनाथ लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे और वे उनके प्रचार के लिए आई थीं।

जनता से किया ‘खुशहाली’ का वादा

इस बार कमलनाथ लगातार जनसभाओं में कहते रहे हैं कि ये चुनाव किसी उम्मीदवार या पार्टी का नहीं बल्कि मध्य प्रदेश के भविष्य का है। बीजेपी पर भ्रष्टाचार और घोटालों का आरोप लगाते हुए उन्होने कहा कि कांग्रेस समाज के हर व्यक्ति और और वर्ग के विकास के लिए काम करने को प्रतिबद्ध है और वो अपने वचनों का हर हाल में पालन करेगी। इस बार कांग्रेस ने चुनाव के लिए ‘कांग्रेस आएगी खुशहाली लाएगी’ नारा दिया है और कमलनाथ जनता से एक खुशहाल और समृद्धि प्रदेश के लिए कांग्रेस का साथ देने का आह्वान कर रहे हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews