ऑक्सीजन प्लांट पर पुलिस और डॉक्टर के बीच मारपीट, वीडियो वायरल

ऑक्सीजन प्लांट पर पुलिस और डॉक्टर के बीच मारपीट, वीडियो वायरल

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। ग्वालियर के अस्पतालों में ऑक्सीजन (Oxygen) की कमी को लेकर मरीज और अस्पताल संचालक परेशान हैं।  हालात इतने ख़राब हो रहे हैं कि ऑक्सीजन सिलेंडर (Oxygen Cylinder) के लिए मारामारी मच रही है। ग्वालियर में एक वीडियो  इस समय तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक ऑक्सीजन प्लांट (Oxygen Plant ) पर पुलिस कर्मी और डॉक्टर आपस में मारपीट कर रहे हैं।

दरअसल ग्वालियर में पिछले दिनों अचानक हुई ऑक्सीजन (Oxygen)की कमी ने लोगों को इतना दहशत में डाल दिया है कि लोग हर हाल में अपने मरीज की जान बचाने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर (Oxygen Cylinder)लेने में किसी भी हद तक गुजरने को तैयार हैं। लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है और वे मारपीट पर उतारू हो गए हैं। मारपीट का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।  ये CCTV फुटेज का वीडियो है जिसमें पुलिस कर्मी और डॉक्टर के बीच हाथापाई और मारपीट दिखाई दे रही है।  वीडियो ग्वालियर के पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल क्षेत्र के एक ऑक्सीजन प्लांट (Oxygen Plant) का बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें – ऑक्सीजन शॉर्टेज के मद्देनजर अमेरिका ने भारत भेजे 300 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर

जानकारी के मुताबिक महाराजपुरा थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ऑक्सीजन प्लांट (Oxygen Plant) से रविवार को ऑक्सीजन सिलेंडर का वितरण हो रहा था।  सुरक्षा के लिए वहां महाराजपुरा थाने का फ़ोर्स तैनात था।  प्लांट पर रुद्राक्ष हॉस्पिटल के डॉक्टर अभिषेक राजपूत ऑक्सीजन सिलेंडर (Oxygen Cylinder)लेने पहुंचे तो प्लांट के कर्मचारियों ने उनसे कहा कि पहले सरकारी अस्पतालों को ऑक्सीजन (Oxygen) मिलेगी इस पर डॉ अभिषेक का प्लांट कर्मचारियों से मुंहवाद होने लगा।  वहां मौजूद सब इंस्पेक्टर रामकिशोर जोशी ने डॉ अभिषेक राजपूत को समझाने की कोशिश की तो उन दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

ये भी पढ़ें – मुरैना जिला अस्पताल में दम तोड़ रहीं व्यवस्थाएं, न बेड है न ऑक्सीजन, गेट पर नोटिस चस्पा

डॉ अभिषेक राजपूत और सब इंस्पेक्टर रामकिशोर जोशी के बीच विवाद धक्का मुक्की में बदल गया , इतने में सब इंस्पेक्टर रामकिशोर जोशी ने डॉ अभिषेक राजपूत को थप्पड़ मार दिया। दोनों के बीच झगड़ा होने लगा, वहां मौजूद अन्य पुलिस कर्मी बीच बचाव करते रहे लेकिन डॉ अभिषेक ने सब इंस्पेक्टर की वर्दी पकड़ ली और झूमाझटकी में वर्दी फट गई। मारपीट की ये घटना ऑक्सीजन प्लांट (Oxygen Plant) में लगे CCTV  कैमरों में कैद हो गई जो अब वायरल हो रही है।

पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक अमित सांघी (SP Amit Sanghi) का कहना है कि कहीं से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया है।  उधर डॉ अभिषेक राजूपत का भी कहना है कि मैंने इस मामले में शिकायत नहीं की है। लेकिन इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है ये समय नाजुक है।  सबको सबके हालात समझने चाहिए।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews