भितरवार जैन मंदिर कलश चोरी मामले में दो आरोपियों को किया गया गिरफ्तार, 22 कलशों की तलाश अभी भी जारी

भितरवार के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन जिनालय से कलश चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के दो बड़े कलश और उनकी प्लेट बरामद की गई है।
भितरवार जैन मंदिर कलश चोरी मामले में दो आरोपियों को किया गया गिरफ्तार, 22 कलशों की तलाश अभी भी जारी

भितरवार स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन जिनालय में हुई कलश चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल गिरफ्तार आरोपियों में राजू किरार और डबरा निवासी कबाड़ी शुभम खटीक शामिल हैं। वहीं पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो बड़े कलश और उनकी प्लेट बरामद की है।

दरअसल पुलिस के अनुसार मंदिर से कुल 24 कलश और अन्य सामान चोरी किया गया था। मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने राजू किरार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी राहुल उर्फ मकांडी यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की और चोरी के सामान की तलाश तेज कर दी।

चोरी मामले में कबाड़ी भी गिरफ्तार

वहीं पूछताछ के दौरान राजू किरार ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए कलश डबरा के कबाड़ी शुभम खटीक को बेच दिए गए थे। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कबाड़खाने पर दबिश दी और वहां से दो बड़े कलश तथा उनकी प्लेट बरामद कर ली। बरामद सामान की पहचान मंदिर से चोरी हुए सामान के रूप में की गई।

इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में शुभम खटीक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी किए गए अन्य सामान के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके। बरामदगी के बाद पुलिस ने जब्त सामान को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

वहीं पुलिस के मुताबिक चोरी की इस वारदात में शामिल राहुल उर्फ मकांडी यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश की जा रही है। साथ ही चोरी हुए बाकी 22 कलशों और अन्य सामान की बरामदगी के लिए भी पुलिस विभिन्न स्थानों पर जांच कर रही है। जानकारी दे दें कि भितरवार के वार्ड क्रमांक 12 स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन जिनालय के शिखर से अष्टधातु और पीतल के कलश चोरी होने का मामला सामने आया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद जैन समाज में नाराजगी देखी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews