डबरा: गतारी गांव में मंदिर से घंटे चुराते चोर को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ा, चार महीने पहले भी हुई थी 20 घंटों की चोरी

डबरा के गतारी गांव में एक चोर मंदिर से घंटे चुराते हुए पकड़ा गया। ग्रामीणों ने उसे घेरकर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसी मंदिर से चार महीने पहले भी 20 घंटे चोरी हुए थे, जिसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है।
डबरा: गतारी गांव में मंदिर से घंटे चुराते चोर को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ा, चार महीने पहले भी हुई थी 20 घंटों की चोरी

ग्वालियर जिले के डबरा में एक मंदिर से घंटे चुरा रहे चोर को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। घटना शुक्रवार देर रात पिछोर थाना क्षेत्र के गतारी गांव की है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से चोरी किए गए दो घंटे और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

खेतों की ओर भागते हुए पकड़ा

जानकारी के मुताबिक, गतारी गांव के रहने वाले हेमंत साहू शुक्रवार रात माता मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि मंदिर से दो घंटे गायब हैं। जब उन्होंने आसपास नजर दौड़ाई तो एक युवक चोरी के घंटों के साथ खेतों की ओर भागता दिखा। हेमंत ने तुरंत उसका पीछा करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद गांव के अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए।

सभी ने मिलकर घेराबंदी की और भाग रहे युवक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान कल्याणपुर वार्ड नंबर 1, पिछोर निवासी संजय जाटव पुत्र तुलसीराम जाटव के रूप में हुई है।

पुराने मामले से जुड़ा कनेक्शन?

ग्रामीणों ने चोर के कब्जे से चोरी किए गए दोनों घंटे और उसकी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 07 MD 4548) जब्त कर ली। इसके बाद उसे पिछोर पुलिस को सौंप दिया गया। जानकारी अनुसार इसी माता मंदिर से करीब चार महीने पहले भी 20 घंटे चोरी हो गए थे। उस मामले का खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर पाई है।

अब इस नई गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या पुराने मामले में भी इसी चोर का हाथ था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

डबरा से अरुण रजक की रिपोर्ट

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews