डबरा : नवग्रह शक्तिपीठ प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित होगा, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई दिशा

डॉ. मिश्रा ने विश्वास जताया कि यह शक्तिपीठ डबरा को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित कर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, रोजगार और विकास को नई दिशा देगा।
Dabra Navgraha Shaktipeeth Narottam Mishra

ग्वालियर जिले के डबरा में स्थापित हुई नवग्रह शक्ति पीठ की प्राण प्रतिष्ठा समारोह 10 फरवरी से शुरू होंगे, पहले दी भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, आयोजनों के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री, कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा,  प्रसिद्द कवि कुमार विश्वास सहित कई बड़ी धार्मिक हस्तियाँ शामिल रहेंगे कार्यक्रमों के विस्तार पर नवग्रह शक्ति पीठ की स्थापना करने वाले पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बात की।

डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि डबरा में स्थापित यह नवग्रह शक्तिपीठ देश का पहला ऐसा मंदिर है, जहाँ नवग्रह देवता अपनी पत्नियों, वाहनों एवं शस्त्रों के साथ विधिवत रूप से विराजमान हैं। सभी प्रतिमाएं अष्टधातु से निर्मित हैं, जिनका वजन लगभग 15-15 क्विंटल है।

सोशल मीडिया की अफवाहें पर ध्यान ना दें 

डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर आयोजन को लेकर जो भी अफवाहें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं। आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। शहर का बाजार पूरी तरह खुला रहेगा और आम श्रद्धालुओं के लिए किसी प्रकार के पास की आवश्यकता नहीं है। विद्यार्थियों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कथा का समय दोपहर बाद रखा गया है, ताकि शिक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

ये होंगे आयोजन 

कार्यक्रमों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि 10 फरवरी को दोपहर 12 बजे स्टेडियम ग्राउंड से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों महिलाएं और श्रद्धालु भाग लेंगे। 11 से 13 फरवरी तक पंडित प्रदीप मिश्रा, 14 से 16 फरवरी तक कवि कुमार विश्वास तथा 17 से 20 फरवरी तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा कथा वाचन किया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में होगी स्थापित 

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्राण प्रतिष्ठा, यज्ञशाला में एक लाख आहुतियों का महायज्ञ तथा रात्रिकालीन समय में वृंदावन की सर्वेश्वर लीला समिति द्वारा भव्य रासलीला का मंचन होगा। डॉ. मिश्रा ने विश्वास जताया कि यह शक्तिपीठ डबरा को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित कर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, रोजगार और विकास को नई दिशा देगा।

डबरा मंडी की खरीद पिछोर में होगी 

बता दें नवग्रह शक्ति पीठ की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर प्रशानिक स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं, कलेक्टर रुचिका चौहान एसपी धर्मवीर सिंह व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं, उधर नवग्रह मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की व्यवस्थाओं को देखते हुए डबरा मंडी में होने वाली खरीदी को अस्थाई रूप से पिछोर में स्थापित करने हेतु आदेश प्रशासन ने जारी किया है जिससे किसानों को कोई परेशानी ना हो।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews