फिर बर्बाद एक और परिवार, कब रुकेगा रेत का अवैध कारोबार : अवैध रेत परिवहन कर रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने ली मोटरसाइकिल सवार की जान

illegal sand transportation

Dabra News : अवैध रेत परिवहन के लिए कुख्यात ग्वालियर चंबल संभाग में ना जाने कितनी जानें चली गईं लेकिन सरकार की कमजोर इच्छा शक्ति या फिर कहें भ्रष्टाचार की मलाई के चलते ये कारोबार फल फूल रहा है, किसी को किसी की जान की परवाह नहीं, एक बार फिर अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने एक बेकसूर की जान ले ली जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत से अस्पताल में जंग लड़ रहे हैं।

भाई की शादी का कार्ड देने जा रहा था, रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने रौंदा 

ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में अवैध रेत भरकर बेख़ौफ़ दौड़ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने एक युवक की जान ले ली, जानकारी के मुताबिक  ग्वालियर जिले के करहिया गांव में रहने वाला लोकेंद्र बघेल मोटरसाइकिल पर अपने दो परिजनों के साथ भाई की शादी का कार्ड देने केथोदा गांव जा रहा था वो डबरा विकासखंड के पिछोर कस्बे में पहुंचा ही था कि तेज गति से रेत से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

एक की मौके पर ही मौत, दो गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती 

टक्कर लगते ही तीनों उछलकर नीचे गिरे जिसमें लोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हजारी बघेल और मुरारी बघेल गंभीर रूप से घायल हो गये,  लोकेंद्र के भाई की 18 फरवरी को शादी है उसी के कार्ड देने वो रिश्तेदारी में जा रहा था लेकिन ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसकी जान ले ली। दुर्घटना होते ही ट्रैक्टर ट्रॉली  का चालक उसे वहीँ छोड़कर भाग गया ।

चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर फरार, पुलिस ने की जब्त 

स्थानीय लोगों ने पिछोर पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने मृतक लोकेंद्र और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है, घर की खुशियाँ मातम में बदल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

ग्वालियर चंबल में बेख़ौफ़ जारी है अवैध रेत उत्खनन और परिवहन  

आपको बता दें कि डबरा क्षेत्र से निकलने वाली सिंध नदी में बड़ी मात्रा में रेत का अवैध परिवहन हो रहा है, रेत माफिया बेख़ौफ़ नदी का सीना चीरकर रेत निकाल रहा है, सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रॉली रोज रेत अवैध रूप से निकल रहा है बाजार में बिक रहा हैं। पिछोर के केथोदा गांव के सिंध नदी घाट से बड़ी मात्रा में अवैध रेत परिवहन हो रहा है ऐसा ही हाल चंबल नदी का है , माफिया इसका भी सीना चीर रहे हैं और जिम्मेदार आंख बंद करे सबकुछ देख रहे हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews