
Dispute over third marriage : ‘उम्र कब की बरस के सुफैद हो गई’…लेकिन ख्वाहिशों का भला उम्र से क्या लेना-देना। अब तक आपने इश्क की खातिर दुनिया में आग लगा देने के डायलॉग पढ़े-सुने होंगे, लेकिन दमोह में एक शख्स ने इसे अंजाम दे दिया है। पचास की उम्र में जब वो तीसरा ब्याह कर लाया और घरवालों ने मुखालफत की तो इस शख्स ने अपने ही घर में आग लगा दी।
ये वाकया आपको हैरान कर सकता है लेकिन तीसरी बीवी के सामने बेटे-बहू के इनकार ने विश्राम प्रजापति को काबू से बाहर कर दिया। घरवालों का कहना है कि पहले तो उन्होंने मारपीट की और जब उनसे पुराने घर में जाने को कहा तो वो अपने ही घर में आग लगाकर भाग गए।
तीसरी शादी में घरवालों के ख़लल से नाराज़ हुए ‘विश्राम’
“शादी-ए-मर्ग का माहौल बना रहता है..आप आते हैं रुलाते हैं चले जाते हैं” शादी तो खुशियों का मौका होती है। लेकिन ऐसी खुशी लोग आमतौर पर एक बार ही चाहते हैं। लेकिन ‘विश्राम’ को चैन कहां। पहली पत्नी की मौत हो गई, दूसरी पत्नी छोड़कर चली गई तो वो तीसरी को ब्याह लाए।
मामला दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के जमुनिया गाँव का है। यहां 50 साल के विश्राम प्रजापति अपने बेटे-बहू के साथ रहते थे। बेटे छोटू प्रजापति के मुताबिक़ उनके पिता बिना किसी को कुछ बताए एक दिन तीसरी शादी करके अपनी पत्नी को घर ले आए। इसपर बेटे-बहू ने आपत्ति जताई और कहा कि आप दोनों पुराने वाले घर में जाकर रहो।
बेटे-बहू से मारपीट, घर को किया आग के हवाले
बेटे बहू का आरोप है कि इस बात से वो इतने नाराज़ हुए कि पहले तो दोनों के साथ मारपीट की और फिर अपने ही घर में आग लगाकर भाग गए। विश्राम प्रजापति की पहली पत्नी की कई साल पहले मृत्यु हो गई थी और छोटू उन्हीं के बेटा है। इसके बाद विश्राम ने दूसरी शादी की लेकिन वो भी ज्यादा नहीं चल पाई। दूसरी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई। अभी एक साल पहले ही छोटू प्रजापति की शादी हुई थी और इसके बाद विश्राम प्रजापति ने गुपचुप तीसरी शादी रचा ली और अपनी पत्नी को लेकर घर आ गए।
पुलिस कर रही है आरोपी की तलाश
इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। बेटे बहू का कहना है कि उनके पिता ने खूब बवाल किया, मारपीट की और घर में रखी नगदी और ज़ेवर लेकर तीसरी पत्नी के साथ कहीं चले गए। लेकिन जाने से पहले उन्होंने अपने ही घर में आग लगा दी। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी है। घरवालों ने मामले की शिकायत पुलिस में की है और एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने कहा है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
दमोह से दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”1041319970″]
[dgv_vimeo_video id=”1041320087″]
[dgv_vimeo_video id=”1041320628″]

