
दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। इसी क्रम में, हटा शहर में पुलिस ने सरेआम उपद्रव करने के आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका सड़कों पर पैदल जुलूस निकाला। इस कार्रवाई का मकसद अपराधियों में खौफ पैदा करना और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को शहर के मुख्य मार्गों से घुमाया और फिर उन्हें न्यायालय में पेश किया। इस दौरान पूरे रास्ते आरोपियों से कान पकड़वाकर अपराध से दूर रहने के नारे लगवाए गए, जिसे देखने के लिए सड़कों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
[dgv_vimeo_video id=”1130811767″]
खचना नाके पर मचाया था बवाल
जानकारी के अनुसार, ये सभी आरोपी कुछ दिन पहले हटा के खचना नाके पर हुए एक उपद्रव में शामिल थे। उन्होंने बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। इस घटना के बाद से ही पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का दबाव था। बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस ने यह कदम उठाया।
कान पकड़कर लगवाए नारे
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला। पुलिसकर्मी जुलूस में शामिल आरोपियों को कान पकड़वाकर चलवा रहे थे। साथ ही, उनसे जोर-जोर से नारे भी लगवाए जा रहे थे कि वे भविष्य में कोई अपराध नहीं करेंगे। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से अन्य असामाजिक तत्वों को भी एक कड़ा संदेश मिलेगा।
हटा थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, शहर की शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
दमोह से दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट

