MP Breaking News

दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शादी के नाम पर ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हन समेत 3 गिरफ्तार, 77 हजार नकद और 3 मोबाइल बरामद

दमोह पुलिस ने शादी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में ‘लुटेरी दुल्हन’ समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 77 हजार रुपये नकद और 3 मोबाइल बरामद किए हैं।
Damoh Luteri Dulhan

दमोह: देश में इन दिनों लुटेरी दुल्हन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जहां शादी के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी की जा रही है। ऐसे मामलों ने न सिर्फ लोगों को हैरान किया है बल्कि शादी के रिश्तों में भरोसे और सतर्कता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के दमोह जिले से सामने आया है। जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाली ‘लुटेरी दुल्हन’ खुशबू राजपूत समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सोमवार को सीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे ने ‘लुटेरी दुल्हन’ से जुड़े फ्रॉड का पर्दाफाश करते हुए पूरे मामले की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी खुशबू राजपूत राजस्थान के कोटा समेत अन्य स्थानों पर भी करीब तीन लोगों से फर्जी शादी कर ठगी कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी के पास से 77000 रुपए नकद और 3 मोबाइल जब्त किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि मामला उस समय सामने आया जब देहात थाना क्षेत्र के बांसा गांव निवासी दिनेश विश्वकर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित दिनेश के अनुसार, बिचौलियों ने उससे 1.70 लाख रुपये नकद और 2.40 लाख रुपये के जेवर लेकर 20 अप्रैल को जबलपुर के रांझी निवासी खुशबू राजपूत से उसकी शादी कराई थी। शादी के महज तीन दिन बाद 23 अप्रैल को आरोपी महिला मालती पटेल दुल्हन को अपने साथ ले गई। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटीं।

पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई धोखाधड़ी की शिकायत

इसके बाद दिनेश विश्वकर्मा ने लगातार अपनी दुल्हन खुशबू राजपूत से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। इसके बाद दिनेश ने नर्मदा पटेल, नीरज उर्फ धीरज पटेल, मालती पटेल और खुशबू राजपूत के खिलाफ शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत को जांच में लिया और मामले की जांच शुरू की।

मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस ने 28 अगस्त को नर्मदा पटेल और मालती पटेल को कनेरा गांव से गिरफ्तार किया। वहीं खुशबू राजपूत को 31 अगस्त को जबलपुर के रांझी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद खुशबू ने राजस्थान के कोटा में भी दूसरी शादी कर कथित तौर पर धोखाधड़ी की है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों से पूछताछ में इस तरह के अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शादी के नाम पर ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हन समेत 3 गिरफ्तार, 77 हजार नकद और 3 मोबाइल बरामद - MP Breaking News