
दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने एक छात्र कंधे पर बैग टांगे शराब की दुकान से शराब खरीदता दिख रहा है। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
[dgv_vimeo_video id=”1134803002″]
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक छात्र शराब की दुकान पर पहुंचता है। दुकान पर मौजूद एक व्यक्ति उससे पैसे लेता है और उसे डांटते हुए कहता है, “स्कूल ड्रेस पर शराब लेने आने पर शर्म नहीं आती?” हालांकि, इसके बावजूद वह छात्र को शराब की बोतल दे देता है, जिसे लेकर छात्र वहां से चला जाता है।
पथरिया विधानसभा क्षेत्र का है मामला
जांच में पता चला है कि यह वीडियो दमोह जिले के पथरिया विधानसभा क्षेत्र का है, जो राज्य के पशुपालन मंत्री लखन पटेल का निर्वाचन क्षेत्र है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दुकान पर अक्सर स्कूली बच्चों और नाबालिगों को बिना किसी रोक-टोक के शराब बेची जाती है। बताया जा रहा है कि कई बार लोगों ने यह सब अपनी आंखों से देखा, जिसके बाद किसी ने इसे रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जिले में पहले से गर्म है शराब का मुद्दा
दमोह में पिछले कुछ महीनों से अवैध शराब का कारोबार एक बड़ा राजनीतिक और सामाजिक मुद्दा बना हुआ है। हाल ही में जिले के जबेरा से विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मेंद्र लोधी पर भी शराब माफिया से मिलीभगत के आरोप लगे थे। इस मामले में एक यूट्यूबर पर मुकदमा दर्ज हुआ था और मंत्री को फेसबुक लाइव आकर सफाई देनी पड़ी थी। इस नए वीडियो ने शराब के मुद्दे को एक बार फिर हवा दे दी है।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर ने मामले का संज्ञान लेते हुए आबकारी अधिकारी को तत्काल जांच करने के निर्देश दिए हैं।
वीडियो को देखकर आबकारी अधिकारी को जांच के आदेश दिए गए हैं और शनिवार शाम तक रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। – सुधीर कोचर, कलेक्टर, दमोह
बहरहाल, यह घटना इस बात का संकेत है कि इलाके में नशे का जाल किस तरह युवा पीढ़ी को अपनी चपेट में ले रहा है। एक तरफ पुलिस अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ स्कूली बच्चों तक शराब की आसान पहुंच बेहद चिंताजनक तस्वीर पेश करती है।
कलेक्टर ने कहा जल्द हो जाएगी कार्रवाई
[dgv_vimeo_video id=”1134803225″]
दमोह से दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट
कंटेंट राइटर

