दमोह: टाइगर रिजर्व से सटे इलाके में बाघ की मौजूदगी की सूचना, लोगों में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

दमोह के तेंदूखेड़ा में वार्ड नंबर 5 में बाघ दिखने की सूचना से हड़कंप मच गया है जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Damoh News

दमोह: मध्यप्रदेश के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की बढ़ती संख्या ने जहां संरक्षण और पर्यटन की उम्मीदों को बढ़ाया है वहीं जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों की बढ़ती दस्तक ने लोगों को चिंता में भी डाल दिया है वन्यजीवों की मौजूदगी से क्षेत्र में उत्साह है लेकिन लगातार हो रहे मूवमेंट के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल भी बना हुआ है।

गुरुवार सुबह से टाइगर रिजर्व से सटे तेंदूखेड़ा शहर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। दरअसल, सुबह तेंदूखेड़ा शहर के वार्ड नंबर 5 में लोगों ने एक बाघ को घूमते हुए देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बाघ की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

वन विभाग के रेंजर बीडी सेन ने बताया कि गुरुवार को एक व्यक्ति ने उनके क्षेत्र में बाघ के होने की सूचना वन विभाग की टीम को दी थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जानवर के पदचिह्नों की तस्वीरें लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये पदचिह्न बाघ के हैं या किसी अन्य जंगली जानवर के।

फिलहाल वन विभाग की टीम ने पूरे इलाके में मुनादी करवाकर लोगों को सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। खास तौर पर रात के समय लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews