
Damoh News : मध्य प्रदेश के दमोह जिला से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां नगर पालिका ने आज सुबह कार्रवाई करते हुए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 20 दुकानों पर ताले लगा दिए। साथ ही शटर पर नोटिस चिपकाया गया है, जिसमें लिखा गया है कि यदि दुकानदार ताले तोड़ने या खोलने की कोशिश करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल, मामला पुरैना तालाब के पास स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का है, जो कि दमोह के बड़े बाजारों में से एक है। इस कार्रवाई से दुकानदारों में नाराजगी है। उनका कहना है कि नगर पालिका को पहले भुगतान की शर्तों पर सहमति बनाने और फिर कार्रवाई करनी चाहिए थी।
आगे भी ऐसी कार्रवाई रहेगी जारी
नगर पालिका के अनुसार, इन दुकानदारों को बार-बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अधिकांश दुकानदारों ने एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो दुकानों की प्रीमियम राशि जमा की और न ही किराए का भुगतान किया। यह बकाया राशि लाखों रुपये तक पहुंच गई है। जिस कारण यह कार्रवाई की गई है। अब अन्य दुकानदार भी अपने किराया और प्रीमियम भुगतान को लेकर सतर्क हो गए हैं, ताकि उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई न हो।
राजस्व निरीक्षक ने कही ये बात
राजस्व निरीक्षक लक्ष्मण कसौटिया ने बताया कि नगर पालिका ने कई बार चेतावनी दिया जा चुका है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। बार-बार चेतावनी के बाद भी यदि दुकानदार भुगतान नहीं करते हैं, तो मजबूरी में कठोर कदम उठाने पड़ेंगे। ऐसे अन्य स्थानों पर भी जहां प्रीमियम और किराया बकाया है, जल्द ही इसी प्रकार की कार्रवाई वहां भी की जाएगी।
दमोह, दिनेश अग्रवाल
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

