दमोह में बड़ा हादसा, सीतानगर डैम में नहाते समय दो युवक डूबे, कई घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

दमोह के सीतानगर सिंचाई परियोजना डैम में नहाने के दौरान दो युवक डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे बाद भी दोनों युवकों का सुराग नहीं मिला है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
Damoh News

दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। जहां सुनार नदी पर बने सीतानगर सिंचाई परियोजना डैम में दो युवक नहाते समय पानी में डूब गए। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर आते ही नहीं देखा तो तत्काल ही पुलिस को नरसिंहगढ़ सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी मौके पर पहुंचे जब दोनों युवक नहीं दिखे तो एसडीआरएफ टीम को सूचित किया गया। बताया जा रहा है कि दिनेश पिता रामा पटेल निवासी सीता नगर और देवेंद्र पटेल निवासी लुकायन रविवार को डैम में नहाने आए थे। नहाने के दौरान वह गहराई में चले गये और डूब गए।

नहाने के दौरान एक युवक का पैर फिसला, बचाने कूदा दूसरा युवक

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दो लड़के बाध पर नहाने गए थे। इस दौरान एक युवक का पैर फिसल गया। जिसे बचाने के लिए दूसरा युवक भी नदी में कूद गया और तेज बहाव में आने के कारण दोनों डूब गए हैं। मौके पर नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी एवं उनकी टीम पहुंच गई है दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।

अब तक नहीं लगा दोनों युवकों को कोई सुराग

बता दें कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम को अभी तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटनास्थल से पुलिस ने दोनों युवकों के कुछ कपड़े भी बरामद किए हैं। वहीं, युवकों के लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम जैसा माहौल पसरा हुआ है।

Dinesh Agrawal
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews