जेल में हत्या के आरोपी ने मनाया जन्मदिन, दोस्तों के साथ ली सेल्फी, वीडियो वायरल

जेल में हत्या के आरोपी ने मनाया जन्मदिन, दोस्तों के साथ ली सेल्फी, वीडियो वायरल

दतिया, सत्येंद्र रावत। जेल के अंदर अपराधी सजा और सुधार के लिये भेजे जाते हैं, लेकिन सेंवढ़ा उपजेल में हत्या का एक आरोपी अपने साथियों के साथ जन्मदिन का जश्न मनाता रहा। इसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सेंवढ़ा उप जेल में नेतुआपुरा हत्याकांड का आरोपी साहिल गुर्जर जेल के अंदर केक काटकर गानों की धुन पर न सिर्फ जश्न मनाते हुए दिख रहा है, बल्कि मोबाइल से सेल्फी भी खींच रहा है। जेल के बाहर भी उसके दोस्तों की भीड़ लगी है और ये नजारा कहीं से भी जेल के अंदर या बाहर का नहीं लग रहा है।

सवाल ये कि क्या उप जेल में बंद कैदियों के लिए इस तरह की पार्टियां करना और मोबाइल जेल में ले जाने की अनुमति है। उप जेल में पदस्थ जेलर ये कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि हमारे समय जेल के अंदर ऐसा कोई आयोजन नहीं हुआ है और न ही हमारे पास ऐसा कोई वायरल वीडियो आया है। अभी यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह वीडियो कबका है। लेकिन ये साफ दिख रहा है कि आरोपी अपना जन्मदिन मना रहा है और बिना किसी डर के उसका वीडियो भी बनाया जा रहा है। जेल के बाहर उसके दोस्त भी इस तरह पार्टी कर रहे हैं जैसे ये कोई क्लब या रेस्टारेंट हो।

इस वीडियो से सामने आने के बाद नेतुआपुरा हत्याकांड में मृतक संदीप के पिता शंकर गुर्जर ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में पुलिस के आला अधिकारियों से लिखित शिकायत की है और इस मामले में जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बता दें कि ये मामला नवंबर 2019 में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के नेतुआपुरा में दतिया-सेंवढ़ा रोड का है, जहां कुछ लोगों ने संदीप पुत्र शंकर सिंह गुर्जर की हत्या कर लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसी हत्याकांड में आधा दर्जन नामजद आरोपियों में साहिल गुर्जर भी शामिल था। फिलहाल आरोपी साहिल गुर्जर सेंवढ़ा उप जेल में बंद है। शनिवार सुबह से ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें हत्याकांड का आरोपी साहिल गुर्जर अपने कैदी साथियों और कुछ दोस्तों के साथ जेल के अंदर जश्न मना रहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews