पर्चा लिखकर भविष्य बताने वालों को पण्डोखर सरकार का 1.41 करोड़ रुपये का चैलेंज, 5 में से 4 जवाब भी सही तो मिलेगा इनाम

पण्डोखर सरकार के श्री गुरुशरण जी महाराज ने पर्चा लिखकर भविष्य बताने का दावा करने वालों को दिया चैलेंज, अप्रैल 2027 में महायज्ञ के दौरान होगी प्रतियोगिता, विस्तृत नियम बाद में होंगे जारी।
Shri Gurusharan Ji Maharaj Pandokhar Sarkar

Shri Gurusharan Ji Maharaj Pandokhar Sarkar

पर्चा लिखकर भविष्य बताने का दावा करने वालों को पण्डोखर सरकार ने खुली चुनौती दी है। पण्डोखर सरकार धाम के पीठाधीश्वर श्री गुरुशरण जी महाराज ने ऐलान किया है कि उनकी ओर से पूछे जाने वाले पांच प्रश्नों में से चार के भी हूबहू सही जवाब पहले से लिखकर बताने वाले को ₹1 करोड़ 41 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। यह प्रतियोगिता अप्रैल 2027 में पण्डोखर धाम में प्रस्तावित 5151 कुण्डीय अश्वमेध राजसूय महायज्ञ के दौरान होगी।

पण्डोखर सरकार धाम के व्यवस्थापक सचिन मिश्रा के मुताबिक, श्री गुरुशरण जी महाराज ने दिव्य दरबार में सत्संग के दौरान यह चुनौती दी। उन्होंने देशभर में पर्चा लिखकर भविष्य बताने का दावा करने वालों को इसमें शामिल होने के लिए कहा है।

पांच सवाल पूछेंगे, चार भी हूबहू सही तो ₹1.41 करोड़

घोषणा के मुताबिक प्रतियोगिता में श्री गुरुशरण जी महाराज की ओर से पांच प्रश्न लिखकर दिए जाएंगे। चुनौती यह होगी कि प्रतिभागी उन प्रश्नों के उत्तर पहले से हूबहू लिखकर बताए। पांचों जवाब सही होने पर तो पुरस्कार मिलेगा ही, पांच में से चार जवाब भी हूबहू सही निकले तो ₹1.41 करोड़ की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की गई है।

प्रतियोगिता के विस्तृत नियम अभी सामने नहीं आए हैं। पात्रता क्या होगी, रजिस्ट्रेशन कैसे होगा, जवाबों को जांचने और विजेता तय करने की प्रक्रिया क्या रहेगी—इन सभी की जानकारी आयोजन से पहले सार्वजनिक की जाएगी।

20 से 28 अप्रैल तक पण्डोखर धाम में महायज्ञ

पण्डोखर सरकार धाम में 20 से 28 अप्रैल 2027 तक 5151 कुण्डीय अश्वमेध राजसूय महायज्ञ आयोजित किया जाना है। इसी धार्मिक आयोजन के दौरान यह प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। धाम की ओर से कहा गया है कि इस चुनौती का उद्देश्य पर्चा लिखकर भविष्य बताने संबंधी दावों की वास्तविकता को प्रत्यक्ष रूप से सामने लाना है।

Satendra Rawat
लेखक के बारे में
Satendra Rawat

12 वर्षों से दतिया और ग्वालियर में पत्रकारिता; प्रदेश के क्षेत्रीय चैनलों में कार्य.

विगत 12 सालों से पीताम्बरा माई की नगरी दतिया और ग्वालियर में पत्रकारिता कर रहे हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में रहते हुए काफी महत्वपूर्ण खबरों में सक्रिय रहे. इस दौरान मध्य प्रदेश के प्रमुख रिजनल चैनल्स के साथ ही लोकल चैनल्स में भी रहे.। View all posts by Satendra Rawat →
Follow Us :GoogleNews