सरकारी गाइडलाइन के मुताबिक मनाए जाएंगे त्योहार,जिला शांति समिति की बैठक में फैसला

सरकारी गाइडलाइन के मुताबिक मनाए जाएंगे त्योहार,जिला शांति समिति की बैठक में फैसला

दतिया/सत्येन्द्र सिंह रावत

शहर में इस वर्ष कोरोना संकटकाल को ध्यान में रखते हुए जारी शासन की गाइडलाइन की परिधि में रहकर ईदुज्जुहा, रक्षाबंधन पर्व समेत जन्माष्टमी पर्व, स्वतंत्रता दिवस पर्व, मोहर्रम पर्व आदि सभी त्यौहार आपसी भाईचारे और सद्भाव के वातावरण में मनाए जाएंगे। गुरूवार को जिला शांति समिति की बैठक में नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा यह संकल्प लिया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर रोहित सिंह ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर, अपर कलेक्टर विवेक कुमार रघुवंशी, सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी पुष्पेन्द्र रावत, समेत अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

बैठक में सभी सदस्यों ने नगर में ईदुज्जुहा एवं रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर ट्राफिक व्यवस्था, पानी की समुचित पूर्ति, प्रकाश एवं साफ-सफाई व्यवस्था आदि बनाए जाने पर जोर दिया। नगर के विभिन्न भागों की अंदरूनी गलियों में साफ-सफाई, नालियों की सफाई, सड़कों के गड्डे भरवाने और प्रकाश व्यवस्था करने के लिए विशेष रूप से सदस्यों ने आग्रह किया।
कलेक्टर ने कोरोना संकटकाल को दृष्टिगत रखते हुए शासन एवं प्रशासन की गाइड लाइन के मुताबिक ईदुज्जुहा, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी आदि पर्व संक्षिप्त रूप से मनाने का नागरिकों से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए त्यौहारों का स्वरूप संक्षिप्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गाइडलाइन के अनुरूप सामुहिक आयोजन और भंडारे नहीं होंगे तथा सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ इकट्ठी नहीं होगी।
जनाब सत्तार बाबा एवं जनाब हाजी रफीक राइन ने कहा कि पर्वों पर शासन की गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। ईदुज्जुहा पर्व पर घर-घर में ही नमाज अता की जाएगी। मस्जिद में सिर्फ पांच व्यक्ति ही जाएंगे। पार्षद प्रशांत ढेंगुला ने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार ही पर्व मनाए जाएंगे। बलदेवराज बल्लू ने शासन की गाइड लाइन के मुताबिक ही पर्व मनाने हेतु मोहल्लों में मुनादी कराने का सुझाव दिया।

ईदुज्जुहा, रक्षाबंधन एवं अन्य त्यौहारों को कोरोना संकटकाल को दृष्टिगत रखते हुए शासन की गाइडलाइन अनुसार शांति एवं सदभाव से मनाने की अपील जिला शांति समिति ने जारी की है और जन-जन से आग्रह किया है कि वे त्यौहारों के अवसर पर परस्पर मैत्री, सदभाव और सहिष्णुता की गौरव मंडित परंपरा का विकास करेंगे। बैठक में नाहर सिंह यादव, जशोदा परिहार, राहत अली जैदी, मुलू उपाध्याय, राजू त्यागी, अतुल भूरे चैधरी, रामू शर्मा, पंकज गुप्ता, मनिंदर सिंह, के.पी. यादव, बृजेश यादव, दीपक सेानी, रघुवीर कुशवाह, एडवोकेट वाहिद खान, सलीम खान, साबिर अली भी उपस्थित थे।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews