देवास के राजोदा में जवारा विसर्जन के बीच मधुमक्खियों का हमला, 40 से ज्यादा घायल, 2 किमी तक भागे लोग

देवास जिले के राजोदा गांव में जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के हमले में 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। कुएं में नहाने के दौरान पानी के छींटे छत्ते पर पड़ने से यह हादसा हुआ। गंभीर घायल एक युवक को इंदौर रेफर किया गया है।
देवास के राजोदा में जवारा विसर्जन के बीच मधुमक्खियों का हमला, 40 से ज्यादा घायल, 2 किमी तक भागे लोग

मध्य प्रदेश के देवास जिले के राजोदा गांव में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जवारा विसर्जन के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में 40 से ज्यादा लोग डंक लगने से घायल हो गए हैं।

कुएं में कूदने से पानी के छींटे छत्ते पर पड़े

जवारा विसर्जन के समय करीब 200 लोग कुएं के पास इकट्ठा हुए थे। इसी बीच 5-6 लोग नहाने के लिए कुएं में कूद गए। कुएं के ठीक ऊपर पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का एक बड़ा छत्ता लगा हुआ था। नहाते समय पानी के छींटे सीधे छत्ते पर जा लगे, जिससे गुस्से में आकर मधुमक्खियों ने वहां मौजूद पूरी भीड़ पर एक साथ हमला बोल दिया।

जान बचाने के लिए 2 किलोमीटर तक दौड़े ग्रामीण

हमला इतना जोरदार था कि शुरुआत में लोगों को लगा कि मधुमक्खियां थोड़ी देर में शांत हो जाएंगी, लेकिन वे और ज्यादा आक्रामक हो गईं। इसके बाद लोग खुद को बचाने के लिए सड़कों पर करीब 2 किलोमीटर तक भागते रहे। घायल संतोष पाटीदार ने बताया कि कुछ लोगों ने खुद पर नेट ओढ़ लिया और 15 मिनट तक डर के मारे उसी में छिपे रहे।

कान्हा के शरीर से निकले 200 डंक

अस्पताल के डॉक्टर शरद वीरपरा ने बताया कि हमले में घायल हुए 11 लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था। इनमें कान्हा नाम के एक युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, क्योंकि उसके शरीर से 200 से ज्यादा डंक निकाले गए हैं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया है।

गांव में ही दी गई प्राथमिक चिकित्सा

ग्रामीण अशोक चौधरी ने बताया कि इस दुखद घटना में गांव के लगभग 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई लोगों को बहुत ज्यादा डंक नहीं लगे थे, इसलिए उन्हें राजोदा गांव में ही ड्रिप चढ़ाकर प्राथमिक इलाज दिया गया है। फिलहाल इंदौर रेफर किए गए युवक को छोड़कर बाकी सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है।

Somesh Upadhyay
लेखक के बारे में
भारतीय मूल्यों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता पसंद करता हूँ। मेरा प्रयास है कि पत्रकारिता के माध्यम से देशहित में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाऊँ, समाज में जागरूकता और राष्ट्रभाव को बढ़ावा दूँ।मेरा मानना है कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक विमर्श को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम भी है। View all posts by Somesh Upadhyay →
Follow Us :GoogleNews
देवास के राजोदा में जवारा विसर्जन के बीच मधुमक्खियों का हमला, 40 से ज्यादा घायल, 2 किमी तक भागे लोग