मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां के सतवास इलाके में पुनासा रोड पर बने भाटी इलेक्ट्रिक व्हीकल शोरूम में कल रविवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी ज्यादा तेज थी कि देखते ही देखते उसने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
दरअसल शुरुआती जानकारी के मुताबिक जिस समय यह हादसा हुआ उस दौरान शोरूम के अंदर एक नई इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगाई गई थी। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि चार्जिंग के दौरान ही अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही असल वजह पता चलेगी।
काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
जैसे ही शोरूम से धुआं और आग की लपटें उठती दिखीं आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। खबर मिलते ही नगर परिषद की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस बल बिना देर किए मौके पर पहुंच गए। दमकलकर्मियों ने काफी मेहनत और मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
आसपास की दुकानों को जलने से बचाया गया
अगर दमकल की टीम मौके पर सही समय पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास की दुकानों तक भी फैल सकती थी। दमकलकर्मियों ने सही समय पर मोर्चा संभालते हुए आग को दूसरी दुकानों में फैलने से रोक लिया जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति को संभाला।
प्रशासनिक जांच जारी
फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम इस पूरे अग्निकांड की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सटीक और असली कारणों का खुलासा पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। इसके साथ ही शोरूम मालिक से बात करके इस हादसे में हुए कुल आर्थिक नुकसान का भी सही आंकलन किया जा रहा है।






