धार: मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार दोपहर महू-नीमच हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई है। मृतकों में दो सगे भाई और उनकी मौसेरी बहन शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी अनुसार, तीनों छात्र स्कूल की छुट्टी होने के बाद बाइक से वापस अपने घर को लौट रहे थे। तभी महू-नीमच रोड पर महेन्द्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों छात्रों की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया। साथ ही, पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को मारी टक्कर, तीन छात्रों की मौत

सेंट फ्रांसिस स्कूल के तीन छात्र बाइक क्रमांक MP 40 ML 4037 से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रॉले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रियांश रजक, उत्कर्ष आंगन मोक्ष रजक और आयुषी रजक के रूप में हुई है।

वहीं, घटनास्थल पर स्थानीय लोगों एवं राहगीरों को भीड़ एकत्रित हो गई। तत्काल ही पुलिस प्रशासन को हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शवों को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे शहर में शोक व्याप्त है।

धार से मो. अंसार की रिपोर्ट