‘सलमान खान जैसा कोई नहीं!’ ‘चुनरी-चुनरी’ रीमेक पर भड़के अभिजीत, वरुण धवन को लगाई फटकार

‘चुनरी-चुनरी’ रीमेक को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ओरिजनल सिंगर अभिजीत भट्टाचार्या ने वरुण धवन पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी सलमान खान की जगह नहीं ले सकता। सोशल मीडिया पर भी गाना लगातार ट्रोल हो रहा है।
‘सलमान खान जैसा कोई नहीं!’ ‘चुनरी-चुनरी’ रीमेक पर भड़के अभिजीत, वरुण धवन को लगाई फटकार

बॉलीवुड में पुराने सुपरहिट गानों के रीमेक का ट्रेंड लगातार बढ़ रहा है, लेकिन कई बार यही रीमेक विवाद की वजह भी बन जाते हैं। अब ऐसा ही कुछ हुआ है ‘चुनरी-चुनरी’ गाने के नए वर्जन के साथ। वरुण धवन की आने वाली फिल्म है जवानी तो इश्क होना है* का यह गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।

जहां कुछ लोगों ने गाने को पसंद किया, वहीं बड़ी संख्या में फैंस ने इसे ट्रोल करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि ओरिजनल गाने का जो चार्म था, वह इस रीमेक में नजर नहीं आता। अब इस विवाद में ओरिजनल सिंगर अभिजीत भट्टाचार्या की एंट्री ने मामला और गरमा दिया है।

अभिजीत भट्टाचार्या ने वरुण धवन पर साधा निशाना

‘चुनरी-चुनरी’ के ओरिजनल सिंगर अभिजीत भट्टाचार्या ने ANI से बातचीत में रीमेक को लेकर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह गाना सलमान खान के करियर का सबसे बड़ा हिट गाना था और आज भी लोगों की जुबान पर है।

अभिजीत ने कहा कि, “वरुण धवन कितनी भी कोशिश कर लें, वो सलमान खान नहीं बन सकते।” उन्होंने यह भी कहा कि वरुण ज्यादातर “सेकेंड हैंड फिल्में” करते हैं, खासकर उन फिल्मों की जिनका ओरिजनल वर्जन उनके पिता डेविड धवन ने बनाया था। सिंगर का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

क्यों खास है ओरिजनल ‘चुनरी-चुनरी’ गाना

साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म बीवी नंबर 1 का ‘चुनरी-चुनरी’ गाना उस दौर के सबसे बड़े हिट गानों में शामिल था। इस गाने में सलमान खान और सुष्मिता सेन की जोड़ी नजर आई थी। गाने की म्यूजिक, डांस और सलमान के स्टाइल को फैंस आज भी याद करते हैं। यही वजह है कि जब इसका रीमेक आया तो लोगों ने इसकी तुलना सीधे ओरिजनल से करनी शुरू कर दी। अभिजीत भट्टाचार्या का कहना है कि यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक यादगार दौर की पहचान है। इसलिए रीमेक बनाते समय उसकी आत्मा को बनाए रखना जरूरी होता है।

फिल्म रिलीज से पहले बढ़ी मुश्किलें

वरुण धवन की फिल्म है जवानी तो इश्क होना है 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में उनके साथ मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े और मौनी रॉय नजर आएंगी। लेकिन फिल्म रिलीज से पहले ही ‘चुनरी-चुनरी’ रीमेक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इससे पहले भी फिल्म पर कॉपीराइट को लेकर सवाल उठ चुके हैं। दरअसल, बीवी नंबर 1 के प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने आरोप लगाया था कि गाने को बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया। बाद में यह मामला शांत हो गया, लेकिन अब अभिजीत के बयान ने फिर से चर्चा तेज कर दी है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews