“राजा था, हूं और रहूंगा..” अभिनेता राजपाल यादव ने जेल से रिहा होने के बाद किए बड़े दावे, कहा- मेरे पास 1200 करोड़ का काम है

चेक बाउंस मामले में जेल से छूटने के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि उनके पास 1200 करोड़ रुपये का काम है और कहा, 'राजा था, राजा हूं और राजा ही रहूंगा।' उन्होंने मदद करने वालों के पैसे लौटाने का भी वादा किया।
Rajpal Yadav

मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव हाल ही में चेक बाउंस मामले में जेल से रिहा हुए हैं। जेल से बाहर आने के बाद शनिवार को उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया से बातचीत की और अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए। राजपाल ने कहा कि उनके पास इस वक्त 1,200 करोड़ रुपये का काम है।

कुछ दिनों पहले ही राजपाल यादव को जेल जाना पड़ा था। 17 फरवरी को रिहा होने के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक बातचीत थी, जिसमें उन्होंने अपने दिल की बात रखी। उन्होंने साफ किया कि वह कभी डूबे नहीं थे, बस थोड़े उलझे हुए थे।

‘राजा था, हूं और रहूंगा’

अपनी स्थिति पर बात करते हुए राजपाल यादव ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि वह हमेशा राजा रहेंगे, चाहे कहीं भी हों।

“राजपाल यादव कभी डूबा हुआ नहीं था, उलझा हुआ था। राजा था, राजा हूं और राजा ही रहूंगा। राजा चाहे जेल में हो या जंगल में, राजा-राजा होता है।”- राजपाल यादव

उन्होंने यह भी कहा कि अगर आज उनकी जेब में एक भी रुपया न हो, तो भी अगले 10 सालों में देश में उनके 36 गेस्ट हाउस होंगे, जो प्यार के लिए होंगे न कि किसी पद के लिए।

संपत्ति और प्रभाव को लेकर बड़े दावे

अपनी संपत्ति और प्रभाव के बारे में विस्तार से बताते हुए राजपाल ने कई बड़े दावे किए। उन्होंने कहा, “मेरे पास 1200 करोड़ का काम है, 4 अग्रीमेंट्स हाथ में हैं।” उन्होंने बताया कि उनकी कुछ फिल्मों की कीमत 200 करोड़ है तो कुछ की 2000 करोड़ रुपये तक है।

इसके अलावा, उन्होंने एक और दिलचस्प दावा करते हुए कहा, “अगर हम किसी भी डिस्ट्रिक्ट में जाएंगे, वहां कभी-कभी 15 गाड़ियां होती हैं, कभी 10 भी होती हैं… जिनमें मैं डीजल तक नहीं डालता। तो कम से कम राजपाल की देश में 7 हजार गाड़ियां हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि हर जिले में एक डीएम या कमिश्नर उनकी सहायता के लिए मौजूद रहते हैं।

मदद करने वालों को कहा धन्यवाद

इस मुश्किल समय में साथ देने वालों का राजपाल ने शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि वह 3-4 लोगों का नाम लेना चाहते हैं, लेकिन कुछ कारणों से नहीं ले सकते। उन्होंने वादा किया कि जिन्होंने भी उनकी आर्थिक मदद की है, वह उनका पैसा धन्यवाद के साथ वापस लौटाएंगे।

उन्होंने कहा, “जिन्होंने भी मेरी मदद की, प्लीज अपने अकाउंट डिटेल्स भी भेजें। जो भी पैसा हर एक इंसान के पास से आया है, उसे उनके अकाउंट में वापस भेजा जाएगा।”

वर्कफ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव जल्द ही फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, परेश रावल और तब्बू भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews