अक्षय कुमार इन दिनों की फिल्म भूत बंगला को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। यह सिनेमाघर में रिलीज हो गई है और अच्छा प्रदर्शन करते दिखाई दे रही है। इसी बीच एक्टर ने अनीस बज्मी की अगली फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि इस पर कुछ समय के लिए ब्रेक लगने वाला है क्योंकि अक्षय कुमार की सर्जरी हुई है।

दरअसल, एक्टर को देखने में दिक्कत हो रही थी जिसकी वजह से उन्होंने आंखों की विजन करेक्शन सर्जरी करवाई है। 6 मई को सुबह यह सर्जरी की गई है और डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक अक्षय कुछ समय के लिए काम से ब्रेक लेंगे। एक्टर को साल में 4 से 5 फिल्में करते हुए देखा जाता है। एक फिल्म खत्म कर रिलीज भी नहीं होती और वह दूसरे की शूटिंग में जुट जाते हैं। हालांकि, अब वो थोड़ा आराम करेंगे।

अक्षय की आंखों की हुई सर्जरी

रिपोर्ट्स के मुताबिक अक्षय ने अपनी आंख की सर्जरी करवाने से पहले विद्या बालन के साथ अपनी आने वाले फिल्म का केरल वाला शेड्यूल पूरा कर लिया है। अनीस बज्मी के डायरेक्शन में बनाई जा रही इस फिल्म के केरल वाले शेड्यूल के खत्म होने की जानकारी अक्षय ने खुद अपने X हैंडल से दी थी। उन्होंने लिखा था केरलम शेड्यूल पूरा हुआ। खूबसूरत जगह पर अच्छे लोगों के साथ काम करने का मजा ही अलग आता है। डायरेक्टर को कैमरा के पीछे की सारी मस्ती के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद और मेरे शानदार को स्टार विद्या बालन, राशि खन्ना, राजपाल यादव और पूरी टीम का बहुत शुक्रिया। शूटिंग का अनुभव बहुत खास रहा।

 

अब सेहत पर ध्यान देंगे अक्षय

फिलहाल इस बारे में यह जानकारी सामने नहीं आई है कि अक्षय की आंख में यह दिक्कत कब से हो रही थी और सर्जरी के बाद वह कितने दिनों तक शूटिंग नहीं करेंगे। वैसे यह बताया जा रहा है कि यह माइनर सर्जरी थी लेकिन एक्टर ने अपनी सेहत पर ध्यान देना जरूरी समझा है। वैसे भी वह अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते हैं। उनका रूटीन और लाइफस्टाइल हमेशा चर्चा में रहती है।

कैसा है भूत बंगला का हाल

अक्षय की फिल्म भूत बंगला की परफॉर्मेंस की बात करें तो थिएटर में रिलीज हुए इसे 20 दिन हो चुके हैं। 20 दिनों में इसमें देश भर में 175.93 करोड़ का ग्रॉस और 148.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। इसकी वर्ल्डवाइड कमाई का आंकड़ा 232.78 करोड़ के पार पहुंच गया है।