आधी रात लाइव शो में बंगाली एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती से बदसलूकी, FIR दर्ज

बंगाली एक्ट्रेस और टीएमसी नेता मिमी चक्रवर्ती ने उत्तर 24 परगना के बोंगांव में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। आधी रात मंच से उतारने की घटना ने महिला कलाकारों की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Mimi Chakraborty

बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनके साथ हुई कथित बदसलूकी है। उत्तर 24 परगना जिले के बोंगांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मिमी चक्रवर्ती ने सार्वजनिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।

क्या है पूरा मामला?

मिमी चक्रवर्ती उत्पीड़न मामला रविवार रात का बताया जा रहा है, जब वह उत्तर 24 परगना जिले के बोंगांव शहर के नयाग्राम इलाके में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंची थीं। यह कार्यक्रम नया गोपालगंज युवक संघ क्लब द्वारा आयोजित किया गया था। मिमी के अनुसार कार्यक्रम अपने तय समय पर चल रहा था तभी अचानक आयोजकों में से एक व्यक्ति जिसकी पहचान तन्मय शास्त्री के रूप में हुई है वह मंच पर चढ़ आया।

अभिनेत्री का आरोप है कि उस व्यक्ति ने बिना किसी पूर्व सूचना या कारण के उनका कार्यक्रम रुकवा दिया। इतना ही नहीं आधी रात के करीब उन्हें मंच से नीचे उतरने के लिए कहा गया। मिमी चक्रवर्ती का कहना है कि यह सब दर्शकों के सामने हुआ जिससे उन्हें गहरा अपमान खेलना पड़ा।

ईमेल के जरिए दर्ज कराई शिकायत

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मिमी चक्रवर्ती ने बोंगांव पुलिस स्टेशन में ईमेल के जरिए लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है और आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब कार्यक्रम के आयोजकों मौके पर मौजूद कर्मचारियों और गवाहों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews