सलमान खान को फिर जान से मारने की धमकी मिली, कार को बम से उड़ाने की बात कही गई

बॉलीवुड स्टार सलमान खान को एक बार फिर धमकी दी गई है। इस बार वर्ली परिवहन विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर एक संदेश भेजा गया है, जिसमें उनकी कार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, साथ ही उन्हें घर में घुसकर मारने की भी बात कही गई है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
सलमान खान को फिर जान से मारने की धमकी मिली, कार को बम से उड़ाने की बात कही गई

बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी दी गई है। इससे पहले भी जब वह सिकंदर का प्रमोशन कर रहे थे, उस दौरान उन्हें लगातार धमकियां मिली थीं। इसे लेकर उन्होंने कहा था कि सब कुछ भगवान के ऊपर है, अल्लाह के ऊपर है, जितनी उम्र लिखी है, उतनी ही लिखी है। साथ ही सुरक्षा के कारण आने वाली समस्याओं का भी उन्होंने जिक्र किया था। वहीं अब एक बार फिर उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। जानकारी के मुताबिक, इस बार मुंबई के वर्ली परिवहन विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा संदेश आया है।

धमकी भरे संदेश में अभिनेता को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी गई है। इसके अलावा, उनकी कार को भी बम से उड़ाने की बात कही गई है। इसकी जानकारी मिलने के बाद वर्ली पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

धमकी देने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है

पुलिस अधिकारियों द्वारा धमकी देने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है। यह संदेश किसने और कहां से भेजा है, इसकी जांच की जा रही है। इसे लेकर एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि रविवार को ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट हेल्पलाइन नंबर पर यह संदेश मिला, जिसके बाद सीनियर अधिकारियों को सूचित किया गया। पीटीआई की रिपोर्ट की मानें तो ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन को हाल ही में सलमान खान को निशाना बनाते हुए कई धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं।

सलमान खान की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं

पिछले कुछ समय से सलमान खान की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते साल 14 अप्रैल को एक घटना ने सभी को हिला कर रख दिया था। दरअसल, इस दौरान सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक से आए दो शूटरों ने 5 राउंड फायरिंग की थी। इस गोलीबारी में एक गोली सलमान के घर की दीवार पर भी लगी थी। फायरिंग करने के बाद हमलावर गाड़ी छोड़कर भाग निकले थे। लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।

गोलीबारी को लेकर एक फेसबुक पोस्ट भी सामने आया था

इस गोलीबारी को लेकर एक फेसबुक पोस्ट भी सामने आया था, जिसमें इस घटना की जिम्मेदारी ली गई थी। पुलिस के मुताबिक, पोस्ट कथित तौर पर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई ने अपलोड की थी। इसके बाद से ही सलमान खान की सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई थीं। वहीं अब एक बार फिर यह धमकी लोगों में सलमान खान को लेकर चिंता बढ़ा रही है। जिन दो व्यक्तियों ने सलमान खान के घर फायरिंग की थी, उन्हें गुजरात से गिरफ्तार किया गया था।

सब कुछ अल्लाह के ऊपर छोड़ देने की बात कही थी

दरअसल, सुरक्षा को लेकर सलमान खान से भी कई बार सवाल पूछे गए, जिस पर अभिनेता सलमान खान ने सब कुछ अल्लाह के ऊपर छोड़ देने की बात कही थी। उनका कहना था कि कभी-कभी इतने ज्यादा लोगों को साथ लेकर चलना पड़ता है कि वह समस्या हो जाती है। बता दें कि हाल ही में सलमान खान की फिल्म सिकंदर सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। हालांकि फिल्म फैंस की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। अब तक फिल्म ने मात्र 109.4 करोड़ रुपए का कलेक्शन ही किया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews