अचानक बेहोश हुए गोविंदा! बिगड़ी तबीयत, जुहू के अस्पताल में चल रहा इलाज

बॉलीवुड एक्टर गोविंदा मंगलवार रात अचानक बेहोश हो गए। 61 की उम्र में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जुहू के क्रिटीकेयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स का इंतज़ार, फैंस दुआओं में जुटे।
Govinda Health Update

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा (Govinda) की तबीयत मंगलवार रात अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें डिसओरिएंटेशन (disorientation) की समस्या हुई, यानी वे कुछ समय के लिए होश खो बैठे। पहले उन्हें घर पर ही दवाइयां दी गईं, लेकिन हालत में सुधार न होने पर देर रात लगभग 1 बजे उन्हें जुहू के क्रिटीकेयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

गोविंदा के दोस्त और लीगल एडवाइज़र ललित बिंदल ने बताया कि एक्टर की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं। फिलहाल उनकी कई मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट्स का इंतजार है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

डॉक्टरों की निगरानी में हैं गोविंदा

हॉस्पिटल सूत्रों के मुताबिक, गोविंदा को अस्पताल लाने के बाद उनकी सीटी स्कैन, ब्लड टेस्ट और कार्डियक चेकअप जैसी कई जांचें की गई हैं। उन्हें  डॉक्टरों की सख्त निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल किसी तरह का बड़ा खतरा नहीं है, लेकिन उनकी उम्र और पिछले कुछ सालों की स्वास्थ्य स्थितियों को देखते हुए एहतियातन उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल में ही रखा जाएगा।

एक साल पहले भी हुई थी बड़ी दुर्घटना

यह पहली बार नहीं है जब गोविंदा के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई गई हो। पिछले साल, मुंबई स्थित उनके घर में एक बड़ा हादसा हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्टर लाइसेंसी पिस्टल से गलती से खुद को गोली मार बैठे थे।

वह घटना उनके घर पर हुई थी, जब रिवॉल्वर उनके हाथ से फिसल गई और गोली उनके बाएँ घुटने में जा लगी। उनकी बेटी टीना आहूजा तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर गईं, जहाँ डॉक्टरों ने सफल सर्जरी कर गोली निकाली थी। इस हादसे के बाद गोविंदा को कुछ दिनों तक चलने-फिरने में भी दिक्कत रही थी। पुलिस ने उस घटना को लेकर बयान दर्ज किया था और मामले की जांच भी की गई थी।

बेटी टीना हमेशा रहती हैं साथ

गोविंदा की बेटी टीना आहूजा अपने पिता के बेहद करीब हैं। पिछले साल हुए हादसे के बाद भी वही उन्हें अस्पताल लेकर गई थीं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि हादसे के वक्त वह बेहद डर गई थीं क्योंकि गोविंदा की सफेद पैंट पर खून फैल गया था। टीना ने कहा था, पापा उस दिन सफेद पैंट और जैकेट में थे। जब गोली चली तो पलभर में पैंट लाल हो गई। मुझे कुछ समझ नहीं आया, बस किसी तरह उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया। अब जब गोविंदा फिर से अस्पताल में भर्ती हैं, टीना लगातार उनके साथ हैं और डॉक्टरों से लगातार अपडेट ले रही हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी जुहू के अस्पताल में मौजूद हैं।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews