बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र का 87वां जन्मदिन आज, हेमा मालिनी ने इस अंदाज़ में दी मुबारकबाद

बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र का 87वां जन्मदिन आज, हेमा मालिनी ने इस अंदाज़ में दी मुबारकबाद

Happy Birthday Dharmendra : आज हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के ही-मैन धर्मेंद्र का जन्मदिन है। आज वो 87वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस मौके पर उनके घरवालों से लेकर तमाम बॉलीवुड सितारे और फैन्स उन्हें खूब सारी बधाई और दुआएं दे रहे हैं। लेकिन सबसे खास मुबारकबाद दी है उनकी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी ने। उन्होने अपनी प्यारी सी फोटो शेयर करते हुए धर्मेंद्र पर खूब सारा प्यार उड़ेला है।

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर, 1935 को पंजाब में हुआ था। उनका नाम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे हैंडसम अभिनेताओं में शुमार है। वो इस मामले में खास हैं कि एक तरफ उन्होने ठेठ कमर्शियल फिल्में की हैं, वहीं ऐसी फिल्में भी की जिनमें गहरी सामाजिक प्रतिबद्धता भी झलकती है।। हमारे लिए धर्मेंद्र जहां टंकी पर चढ़कर ड्रामा करते ‘वीरू’ हैं वहीं वो भ्रष्‍टाचार से लड़ते ‘सत्‍यकाम’ भी हैं। वो ‘अनुपमा’ के अशोक भी हैं और ‘चुपके चुपके’ के ‘प्‍यारे मोहन’ या डॉ परिमल त्रिपाठी भी जो ‘लौहपथ गामिनी अग्नि रथ’ से आते हैं। फिटनेस और शायरी का उनका शौक़, उनकी तहज़ीब, उनके बर्ताव की नरमी, और आज के ज़माने में सोशल मीडिया पर एक्टिव रहकर अपने चाहने वालों से जुड़ना अपने आप में बहुत खास है। यही वजह है कि वो आज भी लाखों लोगों के चहेते हैं।

उनके जन्मदिन पर हेमा मालिनी ने दोनों की कपल फोटो शेयर की है जिसमें वो बहुत खूबसूरती से एक दूसरे को कॉम्प्लिमेंट कर रहे हैं। इसमें उन्होने खिले हुए गुलाबी रंग की साड़ी पहनी हुई है और धर्मेंद्र जी भी हल्के पीच रंग के शर्ट में जंच रहे हैं। इन दोनों की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं और आज भी ये कई लोगों को इन्सपायर करती है। इस खास दिन हेमामालिनी ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि ‘आज प्रिय धरम जी के जन्मदिन पर उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रही हूं। मैं उनके खुशियों और आनंद से भरे लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करती हूं। मेरी प्रार्थनाएं उनके साथ आज और हमेशा के लिए है। मेरे जीवन के प्यार को जन्मदिन मुबारक हो। ‘

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews