फिल्म कंज्यूरिंग लंबे समय तक लोगों के दिलों पर राज करती रही। कंज्यूरिंग यूनिवर्स की कई फिल्में आ चुकी हैं और ज्यादातर फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर पसंद किया गया। दरअसल, सच्ची घटनाओं पर बनी यह फिल्में लोगों के दिलों को छूती रही हैं। हाल ही में इस यूनिवर्स के अपकमिंग पार्ट का ट्रेलर भी सामने आया। ट्रेलर ने लोगों को फिर से इस फिल्म को देखने के लिए उत्साहित कर दिया है, लेकिन अब रिलीज से पहले ही मेकर्स ने बड़ा ऐलान कर दिया है। दरअसल, उन्होंने जानकारी दी है कि यह इस यूनिवर्स का आखिरी पार्ट होने वाला है यानी द कंज्यूरिंग यूनिवर्स खत्म होने वाला है।
फिल्म के डायरेक्टर माइकल छाव्स ने जानकारी देते हुए बताया कि द कंज्यूरिंग यूनिवर्स को खत्म करने का अब वक्त आ चुका है। लोगों ने इसे भरपूर प्यार दिया है। दरअसल, हॉरर मूवीज़ में कंज्यूरिंग सीरीज का नाम सबसे पहले आता है। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि आखिर क्यों डायरेक्टर द्वारा इस यूनिवर्स को खत्म करने का ऐलान किया गया है।
क्यों खत्म कर रहे यह सीरीज?
इस सवाल का जवाब भी डायरेक्टर ने दिया है। दरअसल, माइकल ने कहा कि इस सीरीज को खत्म करने का निर्णय पूरी टीम ने सहमति से लिया है। मुझे सभी के साथ काम करना बेहद अच्छा लगा। अब टीम को ऐसा लगा है कि यह अपने टॉप पर है और इसे इसी समय खत्म करना चाहिए। आप हमेशा यही चाहते हैं कि जब चीज़ टॉप पर हो, तब ही रुके। उनके मुताबिक, ऐसी कई वजहें होती हैं जब कोई फ्रेंचाइजी डाउनफॉल फेस करती है, लेकिन कोई नहीं चाहता कि ऐसा हो।
डायरेक्टर माइकल छावस ने कहा कि यह एक अनूठा मौका था जब हम यह तय कर सकते थे कि आखिरी चैप्टर कैसा और कब होना चाहिए। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन पर हमेशा यह दबाव रहा है कि इस सीरीज को परफेक्ट एंडिंग कैसे दी जाए। उन्होंने कहा कि मैं यह बात एक इंसान के तौर पर कह सकता हूं जो इस सीरीज से बेहद प्यार करता है और इसका हिस्सा बनने को खुशनसीबी समझता है।
इस सीरीज ने किया है जबरदस्त कलेक्शन
बता दें कि द कंज्यूरिंग यूनिवर्स की सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रही हैं। 2013 में आई इस फिल्म को बनाने में लगभग 158 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे, जबकि वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 2564 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। इसी तरह सभी फिल्मों ने जबरदस्त कलेक्शन किया। ऐसे में इस फिल्म का आखिरी पार्ट भी इसी तरह कमाई कर सकता है।






