बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार दीपिका पादुकोण इन दिनों क्रिप्टिक पोस्ट की वजह से चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है, जिसे सीधे तौर पर हॉलीवुड के चर्चित शो ‘द व्हाइट लोटस’ के सीजन 4 से उनके बाहर होने की अफवाहों से जोड़ा जा रहा है। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
ऑडिशन से इनकार और हाथ से निकला बड़ा मौका?
दरअसल, ‘वैरायटी इंडिया’ की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ‘द व्हाइट लोटस’ के मेकर्स ने दीपिका पादुकोण को सीजन 4 के लिए संपर्क किया था। कास्टिंग प्रक्रिया के तहत उन्हें एक ऑडिशन देने के लिए कहा गया था। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, दीपिका ने ऑडिशन देने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई और कथित तौर पर मना कर दिया। इसी वजह से यह बड़ा प्रोजेक्ट उनके हाथ से निकल गया।
रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया, “द व्हाइट लोटस के लिए ऑडिशन कास्टिंग प्रक्रिया का एक ज़रूरी हिस्सा है। मेकर्स एक्टर्स को साइन करने से पहले उनका ऑडिशन लेने के लिए बहुत एक्साइटेड थे। दीपिका पादुकोण ऑडिशन देने के लिए एक्साइटेड नहीं थीं, और यही वजह थी कि व्हाइट लोटस का मौका उन्हें छोड़ना पड़ा।”
दिलचस्प बात यह है कि उन्हें शो के सीजन 3 के लिए भी अप्रोच किया गया था, लेकिन उस वक्त उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी के चलते ऑफर ठुकरा दिया था।
दीपिका के वायरल पोस्ट में क्या लिखा है?
इन तमाम अटकलों के बीच, दीपिका ने एक लंबा नोट साझा किया जिसमें शांत रहने की ताकत पर जोर दिया गया है। माना जा रहा है कि यह इन अफवाहों पर उनका मौन जवाब है।
“शांत रहना सबसे बड़ा फ्लेक्स है। कोई भी अपना आपा खो सकता है, तेजी से रिएक्ट कर सकता है, जोर से बात कर सकता है और शोर मचा सकता है। इसमें जीरो ताकत लगती है। असली ताकत तब दिखती है जब अफरा-तफरी मच जाती है, और आप झुकते नहीं हैं। जब ड्रामा आपको अपनी ओर खींचने की कोशिश करता है, और आप जमीन पर टिके रहते हैं। जब ज़िंदगी आपको बार-बार परेशान करती है, और आप फिर भी इंपल्स के बजाय कंट्रोल चुनते हैं। हां, इसमें मेहनत लगती है।”
इस नोट में आगे लिखा है, “शांत रहना कमज़ोरी नहीं है। यह महारत है। इसका मतलब है यह जानना कि आपको कुछ भी साबित करने, सब कुछ समझाने या हर किसी पर रिएक्ट करने की ज़रूरत नहीं है। जब दूसरे लोग घबराकर एनर्जी खर्च करते हैं, तो आप चुपचाप, साफ़ और जान-बूझकर आगे बढ़ते हैं। शोर की आदी दुनिया में, शांत रहना एक बहुत बड़ी सुपरपावर है।”
हॉलीवुड में वापसी पर लगा ब्रेक
अगर दीपिका ‘द व्हाइट लोटस 4’ का हिस्सा बनतीं, तो यह हॉलीवुड में उनकी शानदार वापसी होती। उन्होंने साल 2017 में विन डीजल के साथ फिल्म ‘xXx: रिटर्न ऑफ जेंडर केज’ से हॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिलहाल, दीपिका ने इन अफवाहों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन उनका यह पोस्ट Reddit जैसे प्लेटफॉर्म्स पर चर्चा का विषय बना हुआ है।







