ये 6 एपिसोड वाली मर्डर मिस्ट्री सीरीज की कहानी आपको भी कर देगी रोमांचित, पहला सीजन था कमाल, जानिए नाम

नेटफ्लिक्स की चर्चित क्राइम-थ्रिलर सीरीज 'कोहरा' के दूसरे सीजन की घोषणा हो गई है। इस बार अभिनेता बरुण सोबती के साथ मोना सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जो पंजाब की धुंध में छिपे एक नए हाई-प्रोफाइल कत्ल के राज से पर्दा उठाएंगी।
ये 6 एपिसोड वाली मर्डर मिस्ट्री सीरीज की कहानी आपको भी कर देगी रोमांचित, पहला सीजन था कमाल, जानिए नाम

साल 2023 की सफल वेब सीरीज ‘कोहरा’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नेटफ्लिक्स ने आधिकारिक तौर पर इसके दूसरे सीजन (Kohrra Season 2) का ऐलान कर दिया है। पहले सीजन की जबरदस्त सफलता के बाद, इस बार कहानी एक नए रहस्य और नए किरदारों के साथ लौटेगी। अभिनेता बरुण सोबती एक बार फिर पुलिस अफसर की भूमिका में दिखेंगे, लेकिन इस बार उनका साथ देने के लिए अभिनेत्री मोना सिंह की दमदार एंट्री हुई है।

पहले सीजन ने क्यों बटोरी थीं सुर्खियां?

पंजाब की सर्द और धुंध भरी रातों में सेट ‘कोहरा’ का पहला सीजन एक क्राइम थ्रिलर से कहीं बढ़कर था। कहानी एक NRI लड़के पॉल ढिल्लों की शादी से ठीक पहले हुई हत्या से शुरू होती है। इस कत्ल की गुत्थी सुलझाने की जिम्मेदारी दो पुलिस अधिकारियों, बलबीर सिंह (सुविंदर विक्की) और अमरपाल गरुंडी (बरुण सोबती) को मिलती है।

जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, रिश्तों में दबी नफरत, पितृसत्ता, नशे की लत और विदेश जाने की जिद जैसे सामाजिक मुद्दे सामने आते हैं। सीरीज ने न केवल एक मर्डर मिस्ट्री को दिखाया, बल्कि समाज के उस काले सच को भी उजागर किया जो अक्सर घने कोहरे में छिपा रहता है। यही वजह थी कि इसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों से भरपूर सराहना मिली।

‘कोहरा 2’ में नए चेहरे और नई चुनौतियां

दूसरे सीजन में कहानी को एक नया मोड़ दिया गया है। बरुण सोबती एक बार फिर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अमरपाल गरुंडी के किरदार में लौट रहे हैं। हालांकि, इस बार उनका ट्रांसफर जगराना से दलेरपुरा पुलिस स्टेशन हो गया है। सीरीज में सबसे बड़ा और दिलचस्प बदलाव अभिनेत्री मोना सिंह की एंट्री है।

मोना सिंह, धनवंत कौर के किरदार में नजर आएंगी, जो गरुंडी की सीनियर ऑफिसर हैं। उन्हें एक सख्त और बिना समझौता करने वाली अधिकारी के रूप में पेश किया गया है। जहां गरुंडी का स्वभाव शांत है, वहीं कौर की लीडरशिप दबंग है। इन दोनों की अलग-अलग पर्सनैलिटी एक दिलचस्प इन्वेस्टिगेटिव जोड़ी बनाएगी, जो मिलकर एक नए केस को सुलझाएगी।

क्या लौटेंगे बलबीर सिंह?

पहले सीजन में सीनियर पुलिस ऑफिसर बलबीर सिंह का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुविंदर विक्की ने अपने अभिनय से गहरी छाप छोड़ी थी। हालांकि, दूसरे सीजन के ऐलान के साथ ही यह सवाल बना हुआ है कि क्या बलबीर सिंह की सीरीज में वापसी होगी। फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

कैसी होगी नए सीजन की कहानी?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘कोहरा 2’ की कहानी इस बार भी पंजाब की धुंध में छिपी एक और हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री के इर्द-गिर्द घूमेगी। इस कत्ल के तार सत्ता, राजनीति और पारिवारिक रंजिशों से जुड़े होंगे। अब देखना यह होगा कि गरुंडी और कौर की नई जोड़ी इस उलझे हुए मामले की परतों को कैसे खोलती है। नेटफ्लिक्स पर इसके रिलीज की तारीख का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews