स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो के दौरान की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों का विवाद बढ़ता चला जा रहा है। पहले गुरुग्राम के वेब डेवलपर और इसके बाद महिला डॉक्टर द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की वीडियो वायरल हुई। इसके चलते कॉमेडियन पर एक्शन भी लिया गया है।
अब आ रही खबरों के मुताबिक महाराष्ट्र के गृह विभाग की ओर से प्रणीत के सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध वीडियो कंटेंट की अच्छी तरह से जांच करने के आदेश दिए गए हैं। महाराष्ट्र साइबर पुलिस को इस मामले की जांच सौंपी गई है। अब प्रणीत के अलग-अलग शो और वीडियो क्लिप के साथ ऑनलाइन सामग्री की बारीकी से जांच की जाएगी।
मुसीबत में पड़े प्रणीत मोरे
प्रणीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला तब और भी बढ़ गया है। जब महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने हिमांशु जांगड़ा और डॉक्टर सेजल पवार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। इन सभी पर गुरुग्राम में आयोजित हुए एक कॉमेडी शो में अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने का आरोप लगा है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस शो से 370 रुपए की बिरयानी का जो मामला सामने आया है। उसके बाद इंटरनेट पर तीखी बहस छिड़ी हुई है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कई सितारों ने इस पर रिएक्ट किया है। लोगों का कहना है कि प्रणीत अपने शो में हो रही इन बातों को रोक सकते थे। लेकिन इसकी जगह उन्होंने इन बातों को हंसी मजाक में टालने की कोशिश की। वहीं इंस्टाग्राम पर अलग अलग रील भी देखने को मिल रही है, जिसमें इस मामले का जिक्र देखने को मिल रहा है।






