Hindi News

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिका-ईरान का शांति समझौता पूरा, ट्रंप ने दिए नौसेना की नाकाबंदी हटाने के आदेश, बोले- दुनिया के जहाजों…

Written by:Diksha Bhanupriy
Published:

बीते कुछ महीनों से जारी तनाव और युद्ध की आशंकाओं के बीच आखिरकार एक राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चल रही खींचतान अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात का दावा किया है कि दोनों देशों के बीच शांति समझौता पूरा हो गया है।

ट्रंप ने अपने ऐलान में समझौता पूरा होने के साथ-साथ ऊर्जा आपूर्ति की लाइफ लाइन कहे जाने वाले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि यहां से गुजरने वाले जहाजों पर कोई शुल्क नहीं लगाया जाएगा और अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी भी हटाई जाएगी। इस घोषणा के बाद वैश्विक तेल बाजार, समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मच गई है।

पूरी हुई अमेरिका ईरान डील

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट शेयर की। उन्होंने बताया कि ईरान के साथ उनकी डील पूरी हो गई है। इसी के साथ दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शामिल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी शुल्क के खोलने की पूरी मंजूरी दी गई है।

America Iran Peace deal

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर लगेगा टैक्स?

अपनी पोस्ट में ट्रंप ने यह भी साफ कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी टैक्स के खोला जाएगा। वहीं उन्होंने अमेरिका नौसेना द्वारा लागू नाकाबंदी को तत्काल प्रभाव से हटाने की अनुमति देने की घोषणा की है। ट्रंप ने लिखा दुनिया के जहाजों, अपने इंजन शुरू करो, तेल को बहने दो। फिलहाल इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है कि दोनों देशों के बीच हुई डील में कौन-कौन सी शर्तें शामिल की गई।

19 जून को अधिकारिक समझौता

अमेरिका और ईरान के बीच हुई इस डील के बारे में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए जानकारी दी थी। बता दें कि पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता निभाने का काम किया है। शाहबाज ने लिखा था कि इस समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर 19 जून को स्विट्जरलैंड में किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लंबी और गहन वार्ता के बाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता संभव हो पाया है। दोनों देशों ने लेबनान सहित सभी मोर्चे पर सैन्य कार्रवाई को तुरंत स्थाई रूप से समाप्त करने पर सहमति जताई है।

महत्वपूर्ण शिपिंग मार्ग है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

बता दें कि ये जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे व्यस्त तेल शिपिंग मार्गों में से एक है। यह दुनिया की लगभग 20% तेल और प्राकृतिक गैस आपूर्ति के चेक पॉइंट के रूप में काम करता है। 28 फरवरी को युद्ध छिड़ने के बाद ईरान ने इस जगह को बंद कर दिया था। अब आखिरकार शांति वार्ता के बाद इस मार्ग को फिर से शुरू करने की घोषणा कर दी गई है। हालांकि ये स्पष्ट नहीं है कि होर्मुज सभी जहाजों के लिए कब खुलेगा।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy
Follow Us :GoogleNews