अक्षय कुमार संग अफेयर से लेकर सुपरहिट फिल्मों तक, 53 साल की रवीना टंडन की ज़िंदगी में छिपे हैं कई राज़!

90 के दशक की ‘मस्त-मस्त गर्ल’ आज भी बॉलीवुड की सबसे ग्रेसफुल और चार्मिंग अभिनेत्रियों में शुमार हैं। जानिए कैसे कॉलेज की छात्रा से लेकर नेशनल अवॉर्ड विनर तक का सफर तय किया उन्होंने।
Raveena Tandon

26 अक्टूबर 1972 को जन्मीं रवीना टंडन (Raveena Tandon) आज अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। वक्त भले बदल गया हो, पर रवीना का चार्म और स्क्रीन प्रेज़ेंस आज भी वैसा ही है जैसा 90 के दशक में हुआ करता था। वो दौर जब हर दूसरी दीवार पर उनकी फिल्म मोहरा या अंदाज़ अपना अपना का पोस्टर दिखता था, और हर दिल में “तू चीज बड़ी है मस्त मस्त” गूंजता था।

एक वक्त था जब बॉलीवुड में करिश्मा कपूर, माधुरी दीक्षित और जूही चावला जैसी बड़ी अभिनेत्रियां छाई थीं, लेकिन रवीना ने अपनी सादगी, आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज़ से एक अलग पहचान बनाई। कॉलेज की एक सामान्य लड़की से नेशनल अवॉर्ड विनर बनने तक का सफर उनके संघर्ष और प्रतिभा दोनों की मिसाल है।

फिल्मी परिवार में जन्म, पर इंडस्ट्री में बनाई खुद की पहचान

26 अक्टूबर 1972 को मुंबई में जन्मीं रवीना टंडन के पिता रवि टंडन हिंदी सिनेमा के जाने-माने फिल्म निर्माता थे, जबकि मां वीना टंडन एक घरेलू महिला थीं। उनके परिवार का सिनेमा से गहरा रिश्ता रहा वह मशहूर कैरेक्टर एक्टर मैक मोहन की भतीजी हैं। बावजूद इसके, रवीना को अपनी जगह बनाने के लिए किसी पारिवारिक पहचान पर नहीं, बल्कि अपनी मेहनत पर भरोसा करना पड़ा।

उन्होंने जमनाबाई नर्सी स्कूल से पढ़ाई की और मीठीबाई कॉलेज, मुंबई से स्नातक की डिग्री पूरी की। कॉलेज के दिनों में ही उन्हें मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे। इसी दौरान उन्हें अपनी पहली फिल्म “पत्थर के फूल” (1991) का प्रस्ताव मिला, जिसमें उनके साथ सलमान खान थे। उस समय रवीना महज 17 साल की थीं।

“पत्थर के फूल” से शुरुआत, “मोहरा” से मिली पहचान

हालांकि “पत्थर के फूल” बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट नहीं रही, लेकिन रवीना की मासूमियत और स्क्रीन प्रेज़ेंस ने सभी का ध्यान खींचा। इसके बाद उन्होंने लगातार बैक-टू-बैक हिट फिल्में दीं दिलवाले (1994), लाडला (1994), मोहरा (1994) और अंदाज़ अपना अपना (1994) जैसी फिल्मों ने उन्हें 90 के दशक की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेस बना दिया। फिल्म मोहरा का गाना तू चीज बड़ी है मस्त मस्त न सिर्फ सुपरहिट हुआ बल्कि रवीना के नाम के साथ मस्त-मस्त गर्ल टैग भी हमेशा के लिए जुड़ गया। इस फिल्म के बाद रवीना बॉलीवुड की टॉप हीरोइनों की लिस्ट में शामिल हो गईं। वर्ष 2001 में रिलीज़ हुई फिल्म “दमन” ने उनके करियर को नया मोड़ दिया। इस फिल्म में निभाए गए गंभीर किरदार के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इसके बाद अक्स (2001) में उनका ग्रे शेड किरदार भी खूब सराहा गया।

अक्षय कुमार से जुड़ा रिश्ता जो बन गया चर्चा का विषय

रवीना टंडन का नाम 90 के दशक में अभिनेता अक्षय कुमार के साथ खूब जोड़ा गया। दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी मोहरा में दर्शकों को बहुत पसंद आई और फिर रील लाइफ की केमिस्ट्री रियल लाइफ में भी बदल गई।

खबरें थीं कि दोनों ने सगाई कर ली थी, लेकिन रिश्ता ज्यादा वक्त तक टिक नहीं सका। रवीना ने एक पुराने इंटरव्यू में खुलासा किया था कि “हमने एक-दूसरे को बहुत पसंद किया, लेकिन विश्वास की कमी और अफवाहों ने सब खत्म कर दिया।

अलगाव के बाद दोनों ने अपने-अपने रास्ते चुने अक्षय ने ट्विंकल खन्ना से शादी की, वहीं रवीना ने 2004 में फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी से विवाह किया। आज दोनों अपने-अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन जी रहे हैं।

रवीना की फैमिली लाइफ और गोद ली हुई बेटियां

रवीना टंडन सिर्फ एक सफल एक्ट्रेस ही नहीं, बल्कि एक दयालु इंसान भी हैं। उन्होंने 21 साल की उम्र में दो बेटियों पूजा और छाया को गोद लिया था। बाद में अनिल थडानी से शादी के बाद उन्हें दो बच्चे हुए एक बेटी राशा और बेटा रणवीरवर्धन। रवीना का मानना है कि मातृत्व सिर्फ जन्म देने से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने से आता है। यह बात उनके व्यक्तित्व को और खास बनाती है।

फिल्मों से ब्रेक और फिर दमदार वापसी

शादी और परिवार के बाद रवीना ने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बना ली थी, लेकिन 2017 में उन्होंने मातृ फिल्म के जरिए शानदार वापसी की। फिल्म की कहानी और उनके अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके अलावा उन्होंने टीवी पर भी कई शो जज किए नच बलिए, सबसे बड़ा कलाकार, और डांस दीवाने जूनियर्स जैसे शोज़ में उनकी उपस्थिति दर्शकों को खूब पसंद आई।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews