Hindi News

हनुमान जयंती पर वाल्मीकि रामायण का नया पोस्टर हुआ जारी, अक्टूबर 2026 में रणबीर कपूर की ‘रामायण’ से होगा मुकाबला

Written by:Rishabh Namdev
Published:
हनुमान जयंती के अवसर पर फिल्म 'वाल्मीकि रामायण' का नया पोस्टर जारी हुआ है। यह फिल्म अक्टूबर 2026 में रणबीर कपूर अभिनीत 'रामायण' को कड़ी चुनौती देने को तैयार है। दोनों ही फिल्में भगवान राम के चरित्र पर आधारित हैं और एक ही महीने में रिलीज होने से बॉक्स ऑफिस पर सीधा मुकाबला होगा।
हनुमान जयंती पर वाल्मीकि रामायण का नया पोस्टर हुआ जारी, अक्टूबर 2026 में रणबीर कपूर की ‘रामायण’ से होगा मुकाबला

हनुमान जयंती पर जहां एक ओर रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का पहला टीजर सामने आया और लोगों ने उसे खूब पसंद किया, वहीं इसी दिन ‘वाल्मीकि रामायण’ का नया पोस्टर भी रिलीज किया गया। पोस्टर देखने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में दिलचस्पी बढ़ रही है। यह फिल्म भी भगवान राम के जीवन पर आधारित है और अक्टूबर 2026 में रिलीज होकर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को चुनौती दे सकती है। एक ही महाकाव्य पर दो बड़ी फिल्मों का लगभग एक ही समय पर रिलीज होना फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी खास माना जा रहा है।

दरअसल हनुमान जयंती पर जारी पोस्टर में भगवान राम और हनुमान जी की प्रभावशाली झलक दिखाई देती है। वहीं पोस्टर में भगवान राम एक पर्वत पर खड़े नजर आते हैं और सामने हनुमान जी हाथ जोड़कर बैठे हैं। भगवान राम का हाथ हनुमान जी के सिर पर आशीर्वाद देते हुए दिखाया गया है। यह दृश्य राम और हनुमान के गहरे भक्तिभाव और विश्वास को दिखाता है। सोशल मीडिया पर इस पोस्टर को काफी पसंद किया जा रहा है और इससे फिल्म को लेकर उत्सुकता भी बढ़ी है।

2 अक्टूबर 2026 को रिलीज जोगी फिल्म

वहीं इससे पहले रामनवमी के मौके पर भी ‘वाल्मीकि रामायण’ का मोशन पोस्टर जारी किया गया था। उस पोस्टर में भगवान राम के चरण दिखाए गए थे, जिन पर गुलाब की पंखुड़ियां गिरती नजर आई थीं। पोस्टर पूरी तरह भक्तिमय माहौल दिखाता था। उसी समय फिल्म की रिलीज डेट भी बताई गई थी, जो 2 अक्टूबर 2026 तय की गई है।

दूसरी ओर, नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भी जबरदस्त चर्चा है। हनुमान जयंती पर इसका पहला टीजर जारी हुआ और दर्शकों ने इसे काफी पसंद किया। लंबे समय से लोग रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में देखने का इंतजार कर रहे थे। टीजर आने के बाद फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।

बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला होगा

दोनों फिल्मों की रिलीज का समय लगभग एक जैसा होने से बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला हो सकता है। जहां रणबीर कपूर की ‘रामायण’ बड़े बजट और चर्चा के कारण सुर्खियों में है, वहीं ‘वाल्मीकि रामायण’ अपनी भक्तिपूर्ण प्रस्तुति के साथ दर्शकों के सामने आ रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक किस फिल्म को ज्यादा पसंद करते हैं।

फिल्म विशेषज्ञों का कहना है कि एक ही विषय पर दो बड़ी फिल्मों का एक साथ आना दर्शकों के लिए तो अच्छा है, लेकिन निर्माताओं के लिए जोखिम भी हो सकता है। आखिरकार फिल्म की कहानी, निर्देशन, कलाकारों का अभिनय और पूरा सिनेमाई अनुभव ही तय करेगा कि दर्शकों के दिल में कौन सी रामायण ज्यादा जगह बना पाती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews