‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के एक्टर अनुज सचदेवा की बेरहमी से पिटाई, सोसायटी में लाठी से किया गया हमला

टीवी इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम एक्टर अनुज सचदेवा पर उनकी ही सोसायटी में हमला हुआ। मामूली पार्किंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, सिर से खून बहने लगा।
Anuj Sachdeva

टीवी इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता अनुज सचदेवा (Anuj Sachdeva) अचानक सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया शो या प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक डरावनी और चौंकाने वाली घटना है। जिस सोसायटी को लोग सबसे सुरक्षित जगह मानते हैं, वहीं अनुज पर खुलेआम लाठी से हमला कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अनुज सचदेवा दर्द में नजर आ रहे हैं और बता रहे हैं कि उनके सिर से खून निकल रहा है। यह घटना न सिर्फ फैंस के लिए झकझोर देने वाली है, बल्कि सोसायटी में रहने वालों की सुरक्षा पर भी बड़े सवाल खड़े करती है।

क्या है पूरा मामला? कैसे हुआ अनुज सचदेवा पर हमला

जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना एक पार्किंग विवाद से शुरू हुई। अनुज सचदेवा ने अपनी सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप में एक शख्स की गाड़ी गलत जगह पार्क होने की बात उठाई थी। यही बात उस शख्स को इतनी नागवार गुजरी कि उसने खुलेआम हिंसा का रास्ता चुन लिया। अनुज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि आरोपी शख्स डंडे से उन पर हमला कर रहा है और लगातार गालियां दे रहा है। वीडियो में अनुज खुद कैमरा ऑन करके पूरी घटना रिकॉर्ड करते नजर आते हैं।

 अनुज का दर्दनाक बयान

वीडियो में अनुज सचदेवा कहते सुनाई देते हैं, मेरे सिर से खून निकल रहा है, इसने मुझे लाठी से मारा है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने न सिर्फ उन्हें मारा, बल्कि जान से मारने की धमकियां भी दीं। यही नहीं, अनुज के मुताबिक उस शख्स ने उनके पालतू कुत्ते पर भी हमला करने की कोशिश की।

सिक्योरिटी गार्ड्स ने बचाई जान

अनुज सचदेवा पर हमला उस वक्त भी नहीं रुका जब दो सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचे। वीडियो में दिखता है कि गार्ड्स आरोपी को पकड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार गालियां देता रहा और आक्रामक बना रहा। सोसायटी जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर ऐसी घटना होना लोगों को डराने वाला है।

https://www.instagram.com/reel/DSQHlhnDN5D/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

अनुज ने सोशल मीडिया पर क्यों शेयर किया वीडियो?

अनुज सचदेवा ने वीडियो शेयर करते हुए बेहद साफ शब्दों में लिखा इससे पहले कि यह शख्स मुझे या मेरी प्रॉपर्टी को कोई और नुकसान पहुंचाए, मैं यह सबूत सभी के सामने रख रहा हूं। उन्होंने आरोपी की पूरी डिटेल्स भी शेयर कीं और लोगों से अपील की कि यह वीडियो उन लोगों तक पहुंचाया जाए, जो इस पर सख्त एक्शन ले सकें। यह कदम सिर्फ खुद के लिए नहीं, बल्कि भविष्य में किसी और के साथ ऐसी घटना न हो, इसके लिए भी अहम माना जा रहा है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews