बिहार में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल (IAS Transfer) देखने को मिला है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने 12 आईएएस अफसरों का स्थानांतरण किया है। आपदा प्रबंधन विभाग, स्वास्थ्य और पर्यटन समेत कई विभागों के सचिव बदले गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 10 मई को तबादले और नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी किया है।
आनंद किशोर, अध्यक्ष, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को अपर मुख्य सचिव, वित्त विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। कुंदन कुमार सचिव, उद्योग विभाग को आयुक्त बिहार भवन नई दिल्ली और निवेश आयुक्त मुंबई के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। कुमार रवि, सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक सचिव, स्वास्थ्य विभाग पटना के पद पर नियुक्त किया गया है। वह संसदीय कार्य विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।
इन विभागों के सचिव बदले
- लोकेश कुमार सिंह को पर्यटन विभाग का नया सचिव बनाया गया है। वह विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव पद का प्रभार भी संभालेंगे।
- अजय यादव को सचिव ऊर्जा विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है। साथ ही वह मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव,अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड बिहार, स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
- संजय कुमार सिंह को वित्त विभाग (संपूर्ण प्रभार) सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें वाणिज्य कर विभाग के सचिव, वाणिज्य कर आयुक्त, वस्तु एवं सेवा कर आयुक्त और मुख्यमंत्री सचिवालय सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
- प्रणव कुमार को सचिव भवन निर्माण विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है। वह कला संस्कृति विभाग के सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक और बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी रहे।
- जल संसाधन विभाग के सचिव पद पर चंद्रशेखर सिंह को नियुक्त किया गया है। वह सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष और बिहार विकास मिशन के मिशन निदेशक पद का एडिशनल चार्ज भी संभालेंगे।
इन्हें भी मिली नई जिम्मेदारी
एचआर श्रीनिवास को अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है। वह पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। संतोष कुमार मल्ल को प्रधान सचिव आपदा प्रबंधन विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त और विशेष कार्य पदाधिकारी स्थानिक आयुक्त का कार्यालय, बिहार भवन नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।






