गुजरात के बनासकांठा जिले का आलवाड़ा गांव इन दिनों एक ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बना है। यहां अगस्त 2025 में पहली बार गांव के नाइयों ने दलित समुदाय के लोगों के बाल काटे। दशकों से चली आ रही यह भेदभावपूर्ण परंपरा अब टूट गई है। लगभग 6,500 की आबादी वाले इस गांव में 250 दलित लंबे समय से नाई की दुकानों से बहिष्कृत थे। उन्हें बाल कटवाने के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ता था या अपनी पहचान छिपानी पड़ती थी। लेकिन अब यह जातीय पूर्वाग्रह खत्म हो गया और दलित समुदाय ने इसे अपनी “सच्ची आजादी” का क्षण बताया।

गुजरात के आलवाड़ा गांव में टूटी जातीय परंपरा

यह बदलाव 7 अगस्त को उस समय इतिहास में दर्ज हो गया, जब 24 वर्षीय खेतिहर मजदूर कीर्ति चौहान गांव के नाई की दुकान में बाल कटवाने वाले पहले दलित बने। गांव की पांचों नाई की दुकानों ने पहली बार अनुसूचित जातियों के लिए अपने दरवाजे खोले। इस फैसले से दलित परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के सरपंच सुरेश चौधरी ने माना कि यह बदलाव देर से आया, लेकिन सही दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में इस भेदभावपूर्ण परंपरा का खत्म होना गर्व की बात है।

गांव में यह बदलाव आसान नहीं था। महीनों तक बातचीत और समझाइश के बाद आखिरकार सभी समुदायों के बुजुर्गों ने इस अलिखित प्रतिबंध को खत्म करने पर सहमति दी। जिला प्रशासन और पुलिस ने भी लगातार हस्तक्षेप किया। मामलातदार जनक मेहता के नेतृत्व में प्रशासन ने इस मसले को गंभीरता से उठाया और ऊंची जातियों को समझाया। नाई पिंटू चौहान, जिन्होंने कीर्ति के बाल काटे, ने कहा कि पहले वे समाज के दबाव में रहते थे, लेकिन अब सभी का स्वागत करते हैं।

दलित समुदाय इस बदलाव से बेहद खुश है, हालांकि वे मानते हैं कि अभी भी कई भेदभाव खत्म होने बाकी हैं। किसान ईश्वर चौहान ने कहा कि सामुदायिक भोजों में अभी भी दलितों को अलग बैठाया जाता है, लेकिन जिस तरह नाई की परंपरा टूटी, बाकी भेदभाव भी जरूर खत्म होंगे। गांव के अन्य समुदायों के लोग भी मान रहे हैं कि यह कदम सिर्फ सामाजिक समानता की ओर नहीं, बल्कि इंसानियत की ओर भी बड़ा संदेश है। यह घटना उस जिले में हुई है, जहां कुछ दिन पहले ऑनर किलिंग की खबर आई थी, लेकिन आलवाड़ा गांव का यह सकारात्मक बदलाव समाज में उम्मीद की नई किरण जगाता है।