
गुजरात के कच्छ जिले के समुद्री तट पर इन दिनों बड़े-बड़े संदिग्ध कंटेनर बहकर आ रहे हैं। अगस्त की शुरुआत से अब तक समुद्री लहरों के साथ कुल छह कंटेनर तट पर पहुंचे हैं। इनमें से कुछ कंटेनर कच्छ के सुथरी बीच और सैयद सुलेमानपीर के पास मिले हैं। सबसे पहले जखौ मरीन पुलिस को गश्त के दौरान दो कंटेनर पानी में तैरते हुए लावारिस हालत में दिखे, जो आधे पानी में डूबे हुए थे। इसके बाद, सुथरी तट के पास एक तीसरा कंटेनर भी मिला, जो इसी तरह आधा डूबा था। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
कच्छ के समुद्री तट पर 6 संदिग्ध कंटेनर
शुरुआती जांच में अधिकारियों ने दावा किया है कि इन कंटेनरों में बेस ऑयल भरा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तटरक्षक बल, पुलिस, गुजरात रैपिड रिस्पॉन्स (GRD) और विशेष रेस्क्यू दल (SRD) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कस्टम विभाग के अधिकारी भी कंटेनरों को किनारे लाने और उनकी विस्तृत जांच में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती अनुमान के मुताबिक ये कंटेनर किसी जहाज से गिर सकते हैं या समुद्री ज्वार के साथ बहकर यहां पहुंचे होंगे, लेकिन अभी सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है।
इन कंटेनरों के अचानक तट पर आने से स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोगों का मानना है कि ये किसी मालवाहक जहाज से टूटकर अलग हुए होंगे, जबकि कुछ लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सूत्रों के अनुसार, ये कंटेनर दुबई के जेबेल अली बंदरगाह से बहकर आ सकते हैं, जहां हाल ही में समुद्र में 48 कंटेनर डूब गए थे। इनमें से छह कंटेनरों में गैर-खतरनाक बेस ऑयल था, जो संभवतः अब कच्छ के तट तक पहुंच चुका है।
अब तक कच्छ के तट पर छह और पोरबंदर के तट पर दो कंटेनर मिले हैं। चर्चा यह भी है कि इनमें से एक कंटेनर पाकिस्तान की दिशा में भी बह गया है। हालांकि, अब तक किसी भी अधिकारी ने इन कंटेनरों की उत्पत्ति को लेकर औपचारिक पुष्टि नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू पर नजर रखते हुए मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं।
