गुजरात में गणेश उत्सव पर दिखेगी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी, विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम

गुजरात में इस बार गणेश उत्सव खास होने वाला है। राज्य के गृह मंत्री हर्ष रमेशभाई संघवी ने गुरुवार को जानकारी दी कि इस बार गणेश पंडालों में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर झांकियां तैयार की जाएंगी।
गुजरात में गणेश उत्सव पर दिखेगी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी, विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम

गुजरात में इस बार गणेश उत्सव खास होने वाला है। राज्य के गृह मंत्री हर्ष रमेशभाई संघवी ने गुरुवार को जानकारी दी कि इस बार गणेश पंडालों में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर झांकियां तैयार की जाएंगी। इसके लिए राज्य स्तर पर एक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पंडालों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर पुरस्कृत किया जाएगा। संघवी ने बताया कि यह पहल युवाओं को प्रोत्साहित करने और सांस्कृतिक आयोजनों को समाज के साथ जोड़ने के लिए की जा रही है।

गणेश उत्सव पर दिखेगी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी

गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम स्थान पाने वाले पंडाल को 5 लाख रुपये, द्वितीय को 3 लाख रुपये और तृतीय स्थान को 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान का असर अब त्योहारों की तैयारियों में भी दिखने लगा है। लोग बड़े पैमाने पर स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग कर रहे हैं, जिससे छोटे व्यापारियों और कारीगरों को सीधा लाभ मिल रहा है।

संघवी ने आगे कहा कि आने वाले समय में कई त्योहार हैं, जिनसे व्यापारियों की आय और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग उत्साहपूर्वक स्थानीय उत्पाद खरीद रहे हैं और इससे ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में कदम और मजबूत होंगे। इस आयोजन से न केवल सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इससे पहले हर्ष संघवी ने अहमदाबाद में 45 नई बसों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने बताया कि गुजरात सरकार लगातार लोगों की सुविधा के लिए नई बसें जोड़ रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने 151 बसों को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद भावनगर से 25 बसें शुरू की गईं और अब अहमदाबाद से 45 नई बसें चलाई गई हैं। इनमें 5 सुपर डिलक्स एसी बसें, 10 मिनी बसें और 30 जनरल एसटी बसें शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि इन बसों के शुरू होने से गांवों और शहरों में यात्रा सुविधाएं और बेहतर होंगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews