अहमदाबाद में पीएम मोदी की विशाल सभा की तैयारियां तेज, 1 लाख से ज्यादा लोगों के जुटने की उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगस्त महीने के अंत में दो दिन के गुजरात दौरे पर आने वाले हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर राज्य भर में उत्साह के साथ-साथ तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं।
अहमदाबाद में पीएम मोदी की विशाल सभा की तैयारियां तेज, 1 लाख से ज्यादा लोगों के जुटने की उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगस्त महीने के अंत में दो दिन के गुजरात दौरे पर आने वाले हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर राज्य भर में उत्साह के साथ-साथ तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम के तहत 25 अगस्त को शाम 4:30 बजे अहमदाबाद के निकोल स्थित खोडलधाम ग्राउंड में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस सभा के लिए भव्य मंच और सुविधाओं का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।

पीएम मोदी की विशाल सभा की तैयारियां तेज

निकोल में होने वाली इस सभा में करीब 1 लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है। लोगों की संख्या को देखते हुए खोडलधाम ग्राउंड में विशाल वाटरप्रूफ जर्मन डोम लगाया गया है। इसके साथ ही ग्राउंड के सामने वाले हिस्से में दो बड़े प्लॉट में पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। शहर भाजपा संगठन इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें कर रहा है। अहमदाबाद शहर भाजपा अध्यक्ष ने नरोडा, निकोल, ठक्करबापानगर, वटवा और बापूनगर विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों, पार्षदों और संगठन पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर जिम्मेदारियां बांटी हैं।

प्रधानमंत्री की सभा को लेकर भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय हैं। निकोल और नरोडा क्षेत्र में बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। वहीं, भाजपा के वार्ड स्तर से लेकर विभिन्न मोर्चों तक बैठकें आयोजित की जा रही हैं ताकि कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल हो सके। बताया जा रहा है कि निकोल इलाके में बुनियादी सुविधाओं के कार्य धीमी गति से होने और अधूरे रहने के कारण लोगों में असंतोष बढ़ा था। ऐसे में जनसभा के जरिए जनता की नाराजगी कम करने और क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह दूसरा गुजरात दौरा होगा। वे 24 अगस्त की शाम अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 25 अगस्त को वे पहले अपने गृहनगर वडनगर जाएंगे, उसके बाद अहमदाबाद के निकोल में सभा को संबोधित करेंगे। वहीं, 26 अगस्त को प्रधानमंत्री हांसलपुर स्थित सुजुकी के प्लांट का दौरा करेंगे। इस पूरे दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने कमर कस ली है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews