गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने हाल ही में 26 मंत्रियों के साथ नया मंत्रिमंडल गठित किया है। इस पुनर्गठन के बाद जारी एडीआर रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी और पहली बार मंत्री बनीं रिवाबा जडेजा गुजरात कैबिनेट की सबसे धनी सदस्य हैं। जामनगर उत्तर से विधायक रिवाबा ने अपनी कुल संपत्ति 97.35 करोड़ रुपये घोषित की है, जो उन्हें मंत्रिमंडल में सबसे अमीर बनाती है। वहीं, सबसे गरीब सदस्य निजार (एसटी) सीट से विधायक जयरामभाई चेमाभाई गामित हैं, जिनकी संपत्ति मात्र 46.96 लाख रुपये है।
रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 26 मंत्रियों में से 23 करोड़पति हैं, जबकि सभी की औसत संपत्ति 11.12 करोड़ रुपये आंकी गई है। महिलाओं की भागीदारी बेहद कम है, जहां केवल तीन महिलाएं ही कैबिनेट में शामिल हैं। रिवाबा की संपत्ति में चल-अचल संपत्ति शामिल है, जिसमें उनके पति रवींद्र जडेजा की 70.48 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जोड़ी गई है। इसमें राजकोट और जामनगर में दुकानें, व्यावसायिक परिसर और रेस्तरां जड्डूज फूड फील्ड में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी प्रमुख हैं।
देनदारियों के मामले में भी आंकड़े चौंकाने वाले
देनदारियों के मामले में भी आंकड़े चौंकाने वाले हैं। मंत्रिमंडल के 69 प्रतिशत यानी 18 सदस्यों पर कुल देनदारियां बकाया हैं, जिसमें भावनगर ग्रामीण से विधायक पुरुषोत्तमभाई सोलंकी सबसे ऊपर हैं, जिन पर 8.93 करोड़ रुपये का कर्ज है। शैक्षणिक योग्यता के संदर्भ में, 62 प्रतिशत मंत्री स्नातक या उच्च डिग्री धारक हैं, लेकिन 23 प्रतिशत ने केवल आठवीं या बारहवीं कक्षा तक की पढ़ाई की है, जबकि चार के पास डिप्लोमा है।
उम्र के लिहाज से रिवाबा सबसे युवा मंत्री
उम्र के लिहाज से रिवाबा सबसे युवा मंत्री हैं, उनकी आयु मात्र 34 वर्ष है। कैबिनेट में 38 प्रतिशत सदस्य 31 से 50 वर्ष के बीच हैं, जबकि 58 प्रतिशत 51 से 70 वर्ष के हैं। आपराधिक पृष्ठभूमि की बात करें तो पांच मंत्री के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें एक पर गंभीर आरोप है। यह पुनर्गठन स्थानीय निकाय चुनावों और 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया है, जो भाजपा की रणनीतिक तैयारी को दर्शाता है।






