गुना में श्वान के बच्चे के साथ बर्बरता, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की सजा की मांग, CM शिवराज बोले- दोषी को भुगतना होंगे परिणाम

Guna

Guna News: गुना से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर श्वान के बच्चे के साथ क्रूरता किए जाने का मामला सामने आया है। शहर की सुभाष नगर कॉलोनी में यह घटना हुई है। यहां एक व्यक्ति ने न सिर्फ श्वान के बच्चे को उठाकर जमीन पर पटक दिया बल्कि उसे पैरों से भी कुचला जिससे बेजुबान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद व्यक्ति मौके से फरार हो गया लेकिन यह सब कुछ वहां लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गया है।

जब इस घटना का वीडियो सामने आया तो हर कोई हैरान रह गया और इस बर्बरता ने सभी को दंग कर दिया। घटना की जानकारी लगते केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी इस पर अपनी बात रखी। उनका ट्वीट सामने आने के बाद सीएम शिवराज ने इसका जवाब दिया है और उनका कहना है कि इस क्रूरता को अंजाम देने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।

क्या बोले सिंधिया

घटना की सूचना मिलने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस पर दुख जताते हुए कहा था कि “यह बहुत ही भयावह और विचलित कर देने वाला है। इस घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति को निश्चित तौर पर सजा मिलनी चाहिए।” उन्होंने सीएम शिवराज को टैग करते हुए इस मामले पर ध्यान देने की अपील भी की थी।

CM शिवराज का जवाब

ज्योतिरादित्य सिंधिया का ट्वीट सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका जवाब ट्विटर के माध्यम से ही दिया है। उन्होंने घटना के बारे में शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “यह बहुत ही भयानक कृत्य है। इस भयावह घटना से बेहद परेशान हूं। न्याय सुनिश्चित करने के लिए त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम बर्बरता के ऐसे कृत्यों की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं, और जिम्मेदार व्यक्ति को परिणाम भुगतने होंगे।” सीएम के इस ट्वीट से यह साफ हो गया है कि बेजुबान के साथ बर्बरता करने वाले शख्स को माफ नहीं किया जाएगा।

रोंगटे खड़े कर देगी हैवानियत

गुना के सुभाष नगर में हुई इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध करके रख दिया है। इसका जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति दुकान के आगे चबूतरे पर बैठा हुआ है और कुछ खा रहा है। तभी वहां पर श्वान के दो छोटे-छोटे बच्चे आते हैं। उसमें से एक बच्चा व्यक्ति के पास जाता है, तभी वह व्यक्ति उसे उठाकर जमीन पर पटक देता है। उसकी हैवानियत यहीं खत्म नहीं होती वह अपनी जगह से उठता है और नन्हे श्वान को अपने पैरों से कुचल देता है। इस कृत्य को अंजाम देने के बाद वह तुरंत वहां से चला जाता है।

घटना के बारे में जिस भी व्यक्ति को जानकारी लग रही है और जो यह वीडियो देख रहे हैं। उनका यही कहना है कि इस तरह की बेरहमी करने वाले व्यक्ति को सजा जरुर मिलनी चाहिए। सभी ने घटना की कड़ी निंदा की है। दूसरी और यह बात भी सामने आ रही है कि जिस व्यक्ति ने इस कृत्य को अंजाम दिया है वह मानसिक रूप से बीमार है। हालांकि, अभी कुछ भी स्पष्ट कह पाना मुश्किल है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews