बेटी के जन्म पर पूरे शहर में मचाई धूम, ढोल नगाड़ों के साथ किया स्वागत

बेटी के जन्म पर पूरे शहर में मचाई धूम, ढोल नगाड़ों के साथ किया स्वागत

गुना, विजय कुमार जोगी। हाल ही में हुई हाथरस की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस तरह की घटनाएं भी एक बड़ी वजह है कि लोग बेटी के जन्म पर उस तरह से खुश नहीं होते, जैसे बेटे के जन्म पर होते हैं। वहीं सदियों पुरानी कुरीतियां भी इसमें अहम भूमिका निभाती हैं। लेकिन गुना में एक परिवार ने बेटी के जन्म पर ऐसी धूमधाम से खुशियां मनाई कि सारा शहर देखता रह गया।

अमित तिवारी नाम के व्यक्ति के यहां पिछले दिनों एक बिटिया ने जन्म लिया। जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली कि लड़की का जन्म हुआ है तो अमित अपनी गाड़ी को दुल्हन की तरह गाड़ी को सजाकर अस्पताल पहुंच गए। फूलों से सजी कार के पीछे लिखा था ‘बधाई हो, बेटी हुई है।’ अपनी पत्नी और नन्हीं बिटिया को अस्पताल से घर लाने के दौरान लोग मुड़-मुड़कर उन्हें देखते रहे। घर पहुंचकर भी अमित और उनके पूरे परिवार ने ढोल ढमाकों के साथ नाच गाकर नन्हीं बिटिया की अगवानी की। गृह प्रवेश तक अमित तिवारी का पूरा परिवार अपनी लाड़ली के स्वागत में पलकें बिछाए बैठा रहा और जैसे ही वो घर पहुंची, पूरे घर में ढोल नगाड़ों के साथ परिवार के लोग झूम उठे।

ये भले ही एक परिवार की खुशी हो, लेकिन जिस तरह से इन्होने अपनी बेटी के जन्म पर खुशियों का इजहार किया, वो सभी के लिए एक अनुपम उदाहरण है। आज भले ही हम चांद के बाद मंगल ग्रह पर पहुंचने की तैयारी में हों, लेकिन धरती पर अब भी बेटियों के साथ होने वाले अन्याय खत्म नहीं हुए हैं। ऐसे में इस दुनिया को बेटियों के लिए सुरक्षित और सुंदर बनाने के लिए अमित तिवारी जैसे लोगों की बहुत जरूरत है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews