MP में मैसेज देकर चोरी करने वाला चोर, पर्चे में लिखा- “मुझे शांति से चोरी करने दो वरना सबको मार डालूँगा”

सीएसपी राजीव जंगले का कहना है कि ये हरकत किसी बच्चे या शरारती तत्वों की भी हो सकती है। पत्र में लिखी हैण्ड राइटिंग किसी बच्चे की ही लग रही है।
Gwalior theft

MP News : सामान्य तौर पर चोर चुपचाप चोरी करते हैं वे ऐसे घर और स्थान को चुनते हैं जहाँ किसी को उनकी भनक तक नहीं लगे लेकिन ग्वालियर में एक चोर ऐसा सामने आया है जिसने चोरी करने से पहले एक मैसेज जारी किया है, चोर ने एक घर में परचा फेंका है जिसपर लिखा है -मैं एक “चोर हूं मुझे शांति से चोरी करने दो नहीं तो सबको मार डालूंगा” इस धमकी भरे पत्र को पढ़कर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों की शिकायत पर  पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के सूर्य विहार कॉलोनी में रहने वाले भोलाराम श्रीवास के घर देर रात किसी अज्ञात बदमाश ने पत्थर में लपेटकर एक लेटर फेंका था। जब उन्होंने उसे खोल कर देखा तो उसमें धमकी लिखी हुई थी। जिसमें लिखा था कि “मैं एक चोर हूं मुझे चोरी करने दो नहीं तो मैं सबको मार डालूंगा, हमें शांति से चोरी करने दो नहीं तुम लोग मरोगे मेरे साथी से एक और दिन हमें शांति से चोरी करने दो।”

पहले भी चोर निशाना बना चुके हैं कई घरों में 

भोलाराम ने जब ये सन्देश पढ़ा और उसे कॉलोनीवासियों को दिखाया तो सभी लोग दहशत में आ गए। दहशत में आए लोगों का कहना है कि इन चोरों ने 2024 में भी एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की थी इसके साथ ही पत्थर भी फेंके थे चोरों की हरकत से 2 साल से वे लोग परेशान होते आ रहे हैं। लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिस वजह से उनके हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

पत्र मिलने के बाद स्थानीय निवासी दहशत में 

उन्होंने कहा एक बार फिर चोरों का आना जाना शुरू हो गया है वे लोग रात भर जागते रहते हैं। क्योंकि उन्हें डर रहता है कि कहीं कोई घटना न हो जाए। चोर की इस हरकत के बारे में स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया तो पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन चोर की हरकत का कोई भी फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लगा जिससे चोर की पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस ने पत्र को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस ने दिया आरोपी को जल्दी पकड़ने का भरोसा 

उधर सीएसपी राजीव जंगले का कहना है कि ये हरकत किसी बच्चे या शरारती तत्वों की भी हो सकती है। पत्र में लिखी हैण्ड राइटिंग किसी बच्चे की ही लग रही है। उन्होंने कहा पुलिस ने मामला दर्ज  कर जाँच में ले लिया है जल्दी ही आरोपी को पकड़ लेंगे।

[dgv_vimeo_video id=”1058594180″]

[dgv_vimeo_video id=”1058594364″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews