दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, साथी घायल, वारदात CCTV में कैद

दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, साथी घायल, वारदात CCTV में कैद

ग्वालियर । शहर के दानाओली में दिनदहाड़े गोली मारकर बाइक सवार युवक को एक बंदूकधारी ने गोली मार दी। गोली नजदीक से मारी गई जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फायरिंग में मृतक का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल भेजा गया है| इसके अलावा रास्ते से निकल रहे दो अन्य लोग भी गोली से निकले छर्रे लगने से घायल हुए हैं। घटना की वजह नशे को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने युवक के शव को पीएम भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें मृतक और आरोपियों की पहचान हो गई है।

जनकगंज थाना क्षेत्र के व्यस्त और संकरे बाजार दानाओली में आज दिन दहाड़े गोलियों की आवाज से सनसनी फ़ैल गई । जब तक किसी को कुछ समझ आता उससे पहले वहां भगदड़ मच गई । घटना के CCTV फुटेज से मिली जानकारी के अनुसार हाथ में 12 बोर की बंदूक लिए एक व्यक्ति लगातार फायर किये जा रहा था। उसने निशाना लगाते हुए मोटर साईकिल सवार दो लोगों पर गोली चलाई ।  गोली का छर्रा बाइक पर पीछे बैठे युवक को लगा वो घायल हो गया और उतर कर एक गली में भागा। आरोपी उसके पीछे पीछे भागा। लेकिन तब तक बाइक सवार युवक आरोपी को समझाने की नीयत से गली में आया तो पहले से लोडेड बंदूक हाथ में लिए आरोपी ने उसपर बिलकुल नजदीक से गोली चला दी। गोली युवक के सर में लगी उसका सर फट गया और वो पास में खड़ी एक कार से टकराया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

आसपास के लोगों ने मृतक की शिनाख्त  कबीर तोमर निवासी सात भाई की गोठ के रूप में की है जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का नाम बालेंदु शर्मा है जो ढोली बुआ का पुल का रहने वाला है । मुख्य आरोपी का नाम अक्कू शर्मा बताया गया है जो कहीं पर गार्ड की नौकरी करता है वहीँ घटना के समय उसके साथ दो अन्य साथियों में उसका भतीजा और एक अन्य भूपेंद्र शर्मा उर्फ लाला भी मौजूद थे।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस 

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार  मृतक और आरोपी नशा करने के आदि हैं । घटना से पहले इन लोगों के बीच झगड़ा हुआ था उसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि इसमें आरोपियों ने कबीर तोमर को गोली मार दी । हालाँकि अभी इस मामले में पुलिस कुछ भी कहने से इंकार कर रही है पुलिस का कहना है कि विवेचना के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews