आते ही नए SP का एक्शन, लूट के दो घंटे बाद ही आरोपी गिरफ्तार, महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान

आते ही नए SP का एक्शन, लूट के दो घंटे बाद ही आरोपी गिरफ्तार, महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Gwalior Crime News : ग्वालियर के नए एसपी राजेश सिंह चंदेल (Gwalior SP Rajesh Singh Chandel) ने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही अपनी प्राथमिकतायें गिनाते हुए अपराध पर नियंत्रण जारी रखने के निर्देश दिए, जिसका परिणाम भी तत्काल सामने आया। पुलिस ने एक महिला का मंगलसूत्र लूटने वाले आरोपी को उसके साथी के साथ घटना के दो घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया और उससे मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया, मंगलसूत्र मिलने की सूचना मिलते ही फरियादी महिला के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

एक्शन में नए एसपी, पहला ही अपराध दो घंटे में ट्रेस 

शिवपुरी से ट्रांसफर होकर ग्वालियर आये एसपी राजेश सिंह चंदेल ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को पुलिस अधिकारियों की बैठक ली और अपराधियों पर कड़ी नजर रखते हुए अपराध को तुरंत ट्रेस करने के निर्देश दिए, इसी बीच मंगलवार 28 मार्च को ही एक बदमाश ने पड़ाव थाना क्षेत्र के साकेत नगर में एक महिला के गले से मंगलसूत्र लूट कर नए एसपी को चुनौती दी लेकिन पुलिस ने मात्र दो घंटे में ही लूट का पर्दाफाश कर लुटेरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

घटना के बाद तत्काल एक्टिव हो गई थी पुलिस 

एसपी राजेश सिंह चंदेल ने आज मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 28 मार्च को दोपहर में घटना होने के तत्काल बाद पड़ाव थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच थाना पुलिस को अलर्ट किया गया, एडिशनल एसपी क्राइम राजेश डंडोतिया और सर्किल के अन्य अधिकारियों को आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किये , इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना का आरोपी चन्द्र नगर नाले के पास देखा गया है।

आरोपी गिरफ्तार, लूट की घटना करना स्वीकार किया 

मुखबिर से सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल एडिशनल एसपी क्राइम राजेश डंडोतिया को अलर्ट किया, एडिशनल एसपी ने क्राइम ब्रांच और पड़ाव थाना पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा,  पुलिस टीम को वहां एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर उक्त संदिग्ध व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया लेकिन  पुलिस टीम ने संदिग्ध को मौके पर ही घेराबंदी कर दबोच लिया।

लूट में शामिल आरोपी का दोस्त भी गिरफ्तार, मंगलसूत्र बरामद 

पकड़े गये संदिग्ध से न्यू साकेत नगर में हुई मंगलसूत्र लूट की घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उसने उक्त लूट की घटना करना स्वीकार कर लिया। पकड़े गये लुटेरे से पुलिस टीम द्वारा की गई पूछताछ में ज्ञात हुआ कि वह रवि नगर ग्वालियर का रहने वाला है। पुलिस ने जब लुटेरे से पूछताछ की तो उसने मंगलसूत्र अपने दोस्त के पास होने की बात कही जिसके बाद पुलिस ने उसके दोस्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मंगलसूत्र बरामद कर लिया।

पुलिस ने लूट डकैती की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया 

अच्छी बात ये है कि पुलिस ने ये पूरी कार्यवाही घटना के बाद मात्र दो घंटे में कर ली जिससे आरोपी न भाग पाया और ना ही मंगलसूत्र बेच पाया, एसपी राजेश चंदेल ने लूट का खुलासा करने वाली टीम को कैश रिवार्ड देने की भी घोषणा की है। उधर पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट और डकैती अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

[dgv_vimeo_video id=”812759369″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews