कोरोना पर पहरा : प्रशासन हुआ सख्त, फिर बनेंगे रेड, यलो व ग्रीन जोन

कोरोना पर पहरा : प्रशासन हुआ सख्त, फिर बनेंगे रेड, यलो व ग्रीन जोन

ग्वालियर । अतुल सक्सेना|जिले (gwalior) में कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये अब जिला प्रशासन ने पुख्ता रणनीति बनाई है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जिले में कोविड-19 के कंटेनमेंट क्षेत्रों को रेड, यलो एवं ग्रीन जोन (red, yellow, green zone) में बांटा है। साथ ही वहाँ बेरीकेटिंग सहित सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के आदेश जारी किए हैं, जिससे इन क्षेत्रों से कोरोना संक्रमण दूसरे क्षेत्रों में न फैलने पाए।

जिले में वर्तमान में कोविड-19 के लगभग 400 कंटेनमेंट जोन हैं, जिनमें लगभग 101 रेड कंटेनमेंट जोन शामिल हैं। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा इस संबंध में जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि जिस क्षेत्र में कोविड-19 संक्रमित मरीज पाए जाते हैं उन कंटेनमेंट जोन को पहले पाँच दिन रेड जोन, इसके बाद के पाँच दिन यलो जोन एवं आखिरी के चार दिनों को ग्रीन जोन माना जाएगा। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने नगर निगम आयुक्त ग्वालियर सहित जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री से समन्वय स्थापित कर कंटेनमेंट जोन के प्रवेश एवं निकास द्वार पर आवश्यकतानुसार मजबूत बेरीकेटिंग कराने के आदेश दिए हैं। साथ ही कोविड-19 जोन से संबंधित फ्लैक्स लगाने के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में चिन्हित रेड, यलो व ग्रीन जोन में वरीयता के आधार पर जरूरत के मुताबिक पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश भी जारी किया है।

बुधवार को मिले 44 पॉजिटिव, संख्या 2211 पर पहुंची

जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को जारी जिले के हेल्थ बुलेटिन में 44 पॉजिटिव सामने आये हैं । रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को 1083 सेम्पलों की जाँच की गई जिसमें 44 पॉजिटिव सामने आये। अब जिले में 584 एक्टिव केस बचे हैं। जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या 13 हो गई है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews