एंबुलेंस को टैक्सी बनाकर लाया फौजी, चेकिंग पॉइंट पर पकड़ाया, ड्राइवर पर मामला दर्ज

एंबुलेंस को टैक्सी बनाकर लाया फौजी, चेकिंग पॉइंट पर पकड़ाया, ड्राइवर पर मामला दर्ज

ग्वालियर/अतुल सक्सेना

लॉक डाउन में पुलिस की रोका टोकी से बच निकलने के लिए लोग तमाम तरह के जतन कर रहे हैं भले ही ये कानूनी रूप से गलत ही क्यों ना हो। ऐसा ही एक मामला ग्वालियर में सामने आया जब एक फौजी एंबुलेंस को टैक्सी बनाकर दिल्ली से ग्वालियर आ गया। शहर की सीमा पर उसे पकड़ लिया गया। वहीं एंबुलेंस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है और उसकी एंबुलेंस जब्त कर ली गई है।

पुरानी छावनी थाने के टी आई राजीव गुप्ता के मुताबिक निरावली चेकिंग पॉइंट पर तैनात स्टाफ को मुरैना साइड से एक एंबुलेंस आती दिखाई दी । स्टाफ ने उसे चेक करने के लिए रोका लेकिन ड्राइवर के बताने पर कि उसमें मरीज नहीं है तो पुलिस को शक हुआ । जब पूछताछ की तो एंबुलेंस में लांस नायक रजत सिंह अपनी पत्नी के साथ मिले। फौजी रजत सिंह ने बताया कि वो दिल्ली से आ रहे हैं उन्हें कोई गाड़ी नहीं मिली, ग्वालियर आना जरूरी था और ये एंबुलेंस ड्राइवर तैयार हो गया इसलिए इसमें आ गया। फौजी ने पुलिस को अधिकृत कर्फ्यू पास भी दिखाया। हालांकि इस दौरान पुलिस की फौजी से बहस भी हुई। पुलिस ने इस बात पर नाराजगी जताई कि एक फौजी होकर गैर कानूनी काम कर रहे हो।

उधर पुलिस ने एंबुलेंस ड्राइवर धर्मपाल पर एंबुलेंस में सवारी लेकर चलने का दोषी पाते हुए मामला दर्ज कर लिया। पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि 12 रुपये किलो मीटर के हिसाब से किराया तय हुआ था। मुझे कहा गया था कि इनकी माँ बीमार हैं ग्वालियर से लाना है इसलिए आ गया। बहरहाल पुलिस ने मामला जाँच में लेकर लांस नायक रजत सिंह और पत्नी को घर में रहने की हिदायत देकर छोड़ दिया जबकि ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews