MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

पुलिस अधिकारी बन दी धमकी, डेटिंग ऐप के जरिए होटल बुलाया, ब्लैकमेलिंग व अवैध वसूली करने वाले दो गिरफ्तार

ग्वालियर में डेटिंग ऐप के जरिए युवक को होटल में बुलाकर मारपीट करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने एवं 1.38 लाख रुपये वसूलने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Gwalior News

डेटिंग ऐप के जरिए युवक को होटल में बुलाकर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने के मामले में ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों ने युवक को झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ मारपीट की तथा आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। आरोपियों ने युवक से नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 1.38 लाख रुपये वसूले थे। साथ ही 70 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक माधौगंज निवासी एक युवक ने क्राइम ब्रांच थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 8 अक्टूबर 2026 को ग्राइंडर डेटिंग ऐप के माध्यम से राहुल नाम के युवक ने उसे सिटी सेंटर स्थित होटल गोल्डन लीफ में मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने पर राहुल और उसके चार अन्य साथियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी, उसने जब इसकी वजह पूछी तो उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की।

मारपीट कर आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप

युवक ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने के बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी दी और नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से 1.38 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद आरोपी उससे 70 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग भी की कर रहे हैं।

छह घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मवीर सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने क्राइम ब्रांच थाने की एक टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वारदात के महज छह घंटे के भीतर अंबाह बायपास, मुरैना से दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरिभान उर्फ करुआ गुर्जर, निवासी ग्राम पिपरई, हेतमपुर, थाना सरायछोला, मुरैना और सोनू गुर्जर, निवासी ग्राम पिपरई, थाना सरायछोला, मुरैना के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि हरिभान उर्फ करुआ गुर्जर ने ही अपनी पहचान छिपाकर युवक को अपना नाम राहुल बताया था। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और उनकी तलाश सहित प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की​ रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
पुलिस अधिकारी बन दी धमकी, डेटिंग ऐप के जरिए होटल बुलाया, ब्लैकमेलिंग व अवैध वसूली करने वाले दो गिरफ्तार - MP Breaking News