
Gwalior Crime News : ग्वालियर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्यवाही करते हुए पहली बार हेरोइन जब्त की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनसे इसके सोर्स के बारे में पूछताछ कर रही है। एसपी ने इस सफलता पर हेरोइन पकड़ने वाली टीम को रिवार्ड देने की घोषणा की है।
ग्वालियर एसपी अमित सांघी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर में तस्करों के कब्जे से अभी तक अफीम, गांजा, स्मैक जैसे नशीले पदार्थ पकड़ में आये हैं लेकिन पहली बार हेरोइन जैसा ड्रग पकड़ में आया है। उन्होंने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोई मादक पदार्थ तस्कर मुरार में फूटी बैरक एम एच चौराहे के कार में आये हैं और ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने एडिशनल एसपी क्राइम राजेश दंडोतिया को एक्शन निर्देश दिये।

एडिशनल एसपी दंडोतिया ने सीएसपी मुरार एवं डीएसपी क्राइम ऋषिकेश मीणा को निर्देश देकर क्राइम ब्रांच पुलिस और मुरार थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर तस्करों को पकड़ने के निर्देश दिये। पुलिस की संयुक्त टीम मुखबिर के बताये स्थान एम एच चौराहा फूटी बैरक के पास पहुंची। पुलिस को वहाँ एक स्विफ्ट डिजायर MP 07 CA 2713 खड़ी दिखी। पुलिस को देखकर कार में बैठे संदिग्धों ने कार भगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने जब्त की 370 ग्राम हेरोइन
पुलिस ने जब कार को चैक किया तो उसमें दो युवक मिले। एक ग्वालियर निवासी और दूसरा भिंड निवासी था। जब पुलिस ने पूछताछ की और कार की तलाशी ली तो वहाँ प्लास्टिक की थैली में सफेद पाउडर दिखाई दिया। पुलिस ने जब उनसे इसके संबंध में पूछताछ की तो उन्होंने इसे हेरोइन ड्रग बताया। पुलिस ने जब इसका वजन कराया तो वो 370 ग्राम निकला। पुलिस ने इसकी कीमत 70 लाख रुपये बताई है। खास बात ये है कि ग्वालियर पुलिस ने पहली बार हेरोइन जैसा ड्रग पकड़ी है। एसपी ने कहा कि जिस टीम ने हेरोइन जैसी महंगी और खतरनाक ड्रग पकड़ी है उस टीम को रिवार्ड दिया जायेगा।
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”773016623″]
