भाजपा महामंत्री ने फोन पर दी गाली, टीआई का जवाब “जहाँ हो वहीं आकर बताऊंगा”

भाजपा महामंत्री ने फोन पर दी गाली, टीआई का जवाब “जहाँ हो वहीं आकर बताऊंगा”

ग्वालियर/अतुल सक्सेना

ग्वालियरर में एक पुलिस अधिकारी और भाजपा नेता के बीच फोन पर हॉट-टॉक हो गई। मामला एक्सीडेंट में हुई मौत के बाद उसके पीएम नहीं कराने से जुड़ा था। पुलिस अफसर ने कहा पोस्ट मार्टम तो होगा। इसी बात से नेता जी उखड़ गए और उनके मुँह से गाली निकल गई। गाली सुनते ही पुलिस अफसर भड़क गया और उसने भाजपा नेता को धमकाते हुए कहा कि गाली मत देना, जहाँ हो वहीं आकर बताऊंगा, कोई भी बने रहो। ये ऑडियो इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल भाजपा जिला महामंत्री कमल माखीजानी के परिजन की शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना माधौगंज चौराहे के पास की थी। उन्होंने माधौगंज थाने के टीआई प्रशांत यादव को फोन पर कहा कि क्या पोस्ट मार्टम कराना जरूरी है। जब परिजन लिखकर दे रहे हैं तो फिर आप क्यों जबरन पोस्ट मार्टम कराना चाहते हैं। लेकिन टीआई अपनी बात पर अड़े रहे और पीएम को आवश्यक बताते रहे। इसी बीच भाजपा नेता ने थोड़ी तेज आवाज में कहा कि आप सीधे लोगों को बेकार में परेशान करते हो। जहाँ काम करना हो वहाँ करते नहीं। ये ठीक बात नहीं है। आप कराओ पीएम हम आपको ध्यान में रखेंगे। ये आप ध्यान रखना। इसी दरमियान भाजपा महामंत्री कमल माखीजानी के मुँह से गाली निकल गई। गाली सुनते ही टी आई प्रशांत यादव भड़क गए और उन्होंने भाजपा नेता से कहा कि गाली मत देना,मैं बता दे रहा हूँ तुमको, गाली देना हमें भी आता है। जहाँ हो वहीं आकर बताऊंगा, कोई भी बने रहो। इस बीच भाजपा नेता ये कहते रहे कि आप कराइये पीएम ठीक है।

टी आई और भाजपा जिला महामंत्री के बीच विवाद का ऑडियो थोड़ी ही देर में भाजपा नेताओं तक पहुँच गया। और इसे सुलझाने के प्रयास शुरू हो गए। चूंकि गाली भाजपा महामंत्री ने दी है इसलिए सत्ता में होने के बाद भी भाजपा बैक फुट पर है। उधर कमल माखीजानी जिला अध्यक्ष की दौड़ में भी शामिल हैंं इसलिए वे मामला बढ़ाना नहीं चाहते। जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ नेताओं की मदद से डैमेज कंट्रोल के प्रयास तेज हो गए हैं।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews